शेयर बाजार में गिरावट के साथ टेक स्टार्टअप्स इकोसिस्टम में फंडिंग भी घटी, मई में 12 महीनों के निचले स्तर पर रही अर्ली-स्टेज फंडिंग

मई में भारतीय स्टार्टअप्स ने शुरुआती चरण के करीब 90 फंडिंग राउंड से 22.7 करोड़ डॉलर जुटाए, जो इसका 12 महीनों का निचला स्तर है

अपडेटेड Jun 07, 2022 पर 6:22 PM
मई में 16 स्टार्टअप ने ग्रोथ स्टेज की फंडिंग राउंड के जरिए 25.8 करोड़ जुटाए

भारतीय टेक स्टार्टअप इकोसिस्टम में पिछले महीने मई में जहां शुरुआती चरण की फंडिंग (Early-Stage funding) अपने 12 महीनों के निचले स्तर पर रही। वहीं बाद के चरणों में आने वाली फंडिंग (Late-Stage funding) भी पिछले एक साल में पहली बार 1 अरब डॉलर से कम रही। Tracxn के जुटाए आंकड़ों से यह जानकारी मिली है।

मई में भारतीय स्टार्टअप्स ने करीब 90 शुरुआती चरण के फंडिंग राउंड (सीरीज ए तक के फंडिंग राउंड) के जरिए 22.7 करोड़ डॉलर जुटाए। वहीं 16 स्टार्टअप ने ग्रोथ स्टेज की फंडिंग राउंड (सीरीज बी और सी) के जरिए 25.8 करोड़ जुटाए, जबकि 12 स्टार्टअप ने आखरी चरण की फंडिंग राउंड के जरिए 87 करोड़ डॉलर जुटाए।

वेंचर कैपिटल फर्म India Quotient के फाउंडिंग पार्टनर आनंद लुनिया ने बताया, "पिछले एक दो महीने में शायद ही कोई डील हुई है। जिन फंडिंग राउंड के आंकड़े अभी जारी किए जा रहे हैं, वे काफी पहले ही पूरे हो चुके हैं। निवेशक इस समय नए सिरे से रणनीति बनाने में जुटे हैं कि पैसों को कैसे और कहां निवेश करना है।"


यह भी पढ़ें- Stock Market : इन 4 वजहों से 700 अंक से ज्यादा टूटा सेंसेक्स, इनवेस्टर्स के डूब गए 2.50 लाख करोड़ रुपये

उन्होंने बताया, "इसके अलावा कई फाउंडर्स ने अपनी वैल्यूएशन को नहीं घटाया है, जो इस नाजुक समय में निवेश को रोक रहा है। यह एक तरह से ऐसा है कि रियल एस्टेट मार्केट नीचे जा रहा है, लेकिन फिर भी बिल्डर रेट घटाने को तैयार नहीं है और कंज्यूमर अधिक पैसे देने के लिए तैयार नहीं है। इसके चलते काफी घर बिना बिके हुए पड़े हैं।"

पिछले साल जुलाई में शुरुआती चरण के स्टार्टअप ने फंडिंग के जरिए 65.4 करोड़ डॉलर जुटाए थे, जो इसका अब तक का सबसे ऊंचा स्तर है। जुलाई में ही ग्रोथ और आखिरी चरण के स्टार्टअप की फंडिंग भी 6.5 अरब डॉलर के अपने शिखर पर पहुंच गई थी।

मई महीने में ग्रोथ स्टेज के स्टार्टअप की फंडिंग भी घटकर 25.8 करोड़ डॉलर रही, जो इसका 12 सालों को सबसे निचला स्तर है। ग्रोथ स्टेज के स्टार्टअप्स को इस दौरान सबसे अधिक फंडिंग दिसंबर 2021 में मिली थी, जो 1.3 अरब डॉलर थी।

डील साइज पर नहीं पड़ा असर

मनीकंट्रोल के एक एनालिसिस के मुताबिक, मई महीने में शुरुआती चरण के स्टार्टअप्स की डील साइज सबसे कम प्रभावित रही। मई में इन स्टार्टअप्स की औसत डील साइज 25.2 लाख डॉलर रही, जबकि इसकी तुलना में पिछले 12 महीने की औसत 27.5 लाख डॉलर रही।

हालांकि ग्रोथ स्टेज के स्टार्टअप की औसत डील साइज मई में करीब आधा होकर 1.61 करोड़ डॉलर रही, जबकि पिछले 12 महीनों का औसत 3.13 करोड़ डॉलर की डील का रहा है। लेट-स्टेज के फंडिंग राउंड में तो यह आधे से भी अधिक घटकर 7.25 करोड़ डॉलर रहा, पिछले 12 महीनों का औसत 15 करोड़ डॉलर की डील का रहा है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।