एडटेक फर्म हीरो वायर्ड (Hero Vired) ने अच्छे टैलेंट को कंपनी के साथ लंबे समय तक जोड़े रखने और उन्हें रिवॉर्ड देने के लिए एक फैकल्टी ESOP (एंप्लॉयी स्टॉक ओनरशिप प्रोग्राम) शुरू किया है। कंपनी ने इस ESOP को छमाही और सालाना अप्रेजल सिस्टम के रूप में ऑफर करने का फैसला किया है। बता दें कि हीरो वायर्ड, मुंजाल परिवार की अगुआई वाले हीरो ग्रुप की एडटेक फर्म है।
यह ESOP उन फैकल्टी मेंबर को दिया जाएगा, जिन्होंने कंपनी में कम से कम छह महीने बिताए हैं। व्यक्तिगत और ऑर्गनाइजेशन के प्रदर्शन के आधार पर, कंपनी हर साल नए ESOP प्रदान करेगी। Hero Vired के फाउंडर और चीफ एग्जिक्यूटिव ऑफिसर (CEO) अक्षय मुंजाल ने बताया कि कंपनी 3-5 सालों में आंशिक बायबैक या सेंकेडरी एग्जिट ऑफर करने पर भी विचार कर रही है।
Hero Vired को एक साल पहले लॉन्च किया गया था और अब कंपनी ने टैलेंट को रिटेन करने के लिए एक छमाही अप्रैजल और सैलरी इंक्रीमेंट सिस्टम लागू कर रही है। इसी के तहत यह फैकल्टी ESOP लॉन्च किया गया है। Hero Vired को पिछले साल अप्रैल में अक्षय मुंजाल ने लॉन्च किया था।
अक्षय मुंजाल ने बताया कि पिछले एक साल में उनकी कंपनी ने "उल्लेखनीय ग्रोथ" देखा है और फैकल्टी ESOP प्रोग्राम इस ग्रोथ के भागीदार रहे फैकल्टी सदस्यों को धन्यवाद देने और उनके लिए वेल्थ क्रिएट करने का एक तरीका है।
उन्होंने बताया, "एक लर्निंग कंपनी के तौर पर उनका फोकस इंस्ट्रक्टर की अगुआई वाली लाइव क्लासेज पर है। हमारे टीचिंग स्टाफ हमारी बिजनेस की रीढ़ हैं। हमारा ESOP प्रोग्राम अच्छे टैलेंट को आकर्षित करने, उन्हें इनाम देने करने और उन्हें अपने साथ बनाए रखने का हमारा तरीका है। हीरो वीर्ड एंप्लॉयी स्टॉक की वैल्यूएशन अगले तीन सालों में 20 गुना तक बढ़ सकती है। हम अगले 5-6 सालों में आईपीओ लाने की तैयारी कर रहे, ऐसे में इसकी वैल्यूएशन और बढ़ेगी।"