Vedantu Layoff: एजुकेशन टेक स्टार्टअप Vedantu ने की 100 और कर्मचारियों की छंटनी, 3 महीने में तीसरी बार दिया झटका

Vedantu ने इससे पहले मई में 624 कर्मचारियों की छंटनी की थी, जो इससे कुल कर्मचारियों का करीब 10 फीसदी था

अपडेटेड Aug 05, 2022 पर 1:46 PM
Vedantu के सेल्स और ट्रेनिंग टीम्स के परमानेंट कर्मचारियों की छंटनी की गई है

Vedantu Lay Off: एडटेक स्टार्टअप वेदांतु (Vedantu) ने 100 और कर्मचारियों की छंटनी कर दी है। कंपनी ने बिजनेस का नए सिरे से गठन का हवाला देते हुए यह छंटनी की है। मनीकंट्रोल को इस मामले से वाकिफ सूत्रों से यह जानकारी मिली है। इसके साथ ही वेदांतु में पिछले तीन महीनों में यह तीसरी छंटनी की घटना है।

सूत्रों ने बताया कि पिछले महीने सेल्स और ट्रेनिंग टीम्स के परमानेंट कर्मचारियों की छंटनी की गई। सूत्रों ने बताया कि वेंदातु छंटनी वाले कर्मचारियों को दो महीने की एडवांस सैलरी देगा।

Vedantu ने इससे पहले मई में 624 कर्मचारियों की छंटनी की थी, जो इससे कुल कर्मचारियों का करीब 10 फीसदी था। छंटनी होने वालों में कंपनी के परमानेंट और कॉन्ट्रैक्चुअल एडुकेटर्स दोनों थे। कंपनी के को-फाउंडर और सीईओ वाम्सी कृष्णा ने उस समय कहा था कि उन्हें आने वाली तिमाहियों में पूंजी घटने की उम्मीद है।


यह भी पढ़ें- 'इस Email का किया इस्तेमाल, तो हैक हो जाएगा आपका डीमैट खाता', Zerodha के को-फाउंडर नितिन कामत ने चेताया

खबर लिखे जाने तक वेदांतु की इस मामले में कोई प्रतिक्रिया नहीं आई थी। वेदांतु को साल 2011 में वामसी कृष्णा, आनंद प्रकाश और पुलकित जैन ने मिलकर शुरू किया था। यह एक यूनिकॉर्न है। वेदांतु केजी से 12वीं कक्षा तक के बच्चों, IIT-JEE और NEET के छात्रों को ऑनलाइन ट्यूशन मुहैया कराती है।

Unacademy ने भी की छंटनी

इससे पहले दिन में अनएकेडमी (Unacademy) की तरफ से छंटनी करने की खबर आई थी। Unacademy ने लागत घटाने की कोशिशों के तहत NEET और IIT-JEE के अपने कुछ डाउट सॉल्विंग एजुकेटर्स के कॉन्ट्रैक्ट्स सस्पेंड कर दिए हैं। घटनाक्रम की जानकारी रखने वाले एक व्यक्ति ने मनीकंट्रोल को बताया, “रविवार (31 जुलाई) को एजुकेटर्स के दोनों समूह (IIT-JEE और NEET) को ईमेल भेजकर कह दिया गया कि उनके कॉन्ट्रैक्ट्स न्यूनतम छह महीने के लिए सस्पेंड कर दिए गए हैं।”

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।