फिनटेक का चल रहा बुरा दौर, Zerodha के निखिल कामत ने बताया कितनी घट गई है फंडिंग

निखिल कामत का कहना है कि फिनटेक क्षेत्र के सामने सबसे बड़ी समस्या, यूजर्स की ओर से इसे अपनाने में कमी की है। इसके अलावा उन्होंने यह भी कहा कि भारत में फिनटेक प्रोडक्ट्स को कितनी जल्दी अपनाया जाएगा, इसे लेकर अधिक अनुमान लगा लिए गए। निखिल कामत ने नवंबर माह में फाइनेंशियल कंटेंट क्रिएटर शरण हेगड़े और राघव गुप्ता के स्टार्ट-अप 'The 1% Club' में निवेश किया था

अपडेटेड Dec 09, 2023 पर 12:57 PM
Story continues below Advertisement
अक्टूबर में निखिल कामत ने 22 साल से कम उम्र के उद्यमियों के लिए एक फंडिंग और मेंटोरशिप प्रोग्राम, WTF Fund लॉन्च किया था।

फिनटेक कंपनियां बुरे दौर से गुजर रही हैं और फंड हासिल करना काफी मुश्किल हो गया है। यह बात स्टॉक ब्रोकिंग प्लेटफॉर्म Zerodha के को-फाउंडर निखिल कामत (Nikhil Kamath) ने कही है। बिजनेस टुडे की एक रिपोर्ट के मुताबिक, निखिल कामत ने India Global Forum में कहा, 'मैं इस बारे में स्पष्ट कहूंगा कि फिनटेक एक बुरे दौर से गुजर रहा है, विशेष रूप से भारत में। अगर आप दो साल पहले की तुलना में आज एक फिनटेक कंपनी हैं तो पूंजी तक पहुंच काफी मुश्किल हो गई है। यह जमीनी स्तर की हकीकत है।'

कामत ने कहा कि फिनटेक क्षेत्र के सामने सबसे बड़ी समस्या, यूजर्स की ओर से इसे अपनाने में कमी की है। इसके कारण निवेशकों की दिलचस्पी इस क्षेत्र में कम हो रही है। कामत के मुताबिक, इसका एक बड़ा कारण यह भी हो सकता है कि भारत में फिनटेक प्रोडक्ट्स को कितनी जल्दी अपनाया जाएगा, इसे लेकर लोगों ने अधिक अनुमान लगा लिया।

फंडिंग घटकर लगभग एक-चौथाई


कामत का कहना है कि कुछ साल पहले के मुकाबले आज, फिनटेक फर्मों को दी जाने वाली फंडिंग कम होकर लगभग एक-चौथाई रह गई है। उन्होंने कहा कि अगर कोई आज बेंगलुरु में किसी फिनटेक कंपनी के लिए पैसा जुटाने की कोशिश कर रहा है, और अगर उसे सीरीज A का चेक मिला है तो उसका अमाउंट जो एक साल पहले X हुआ करता था, आज शायद X का 0.25 प्रतिशत ही होगा।

LIC ने HDFC AMC में घटाई हिस्सेदारी, बेच दिए 4467278 शेयर

वक्त के साथ बढ़ेगा एडॉप्शन

हालांकि ​निखिल कामत ने यह भी कहा कि ​मेरे विचार से भारत एक बड़ा मार्केट है और यहां समय के साथ फिनटेक को अपनाए जाने में तेजी आएगी। निखिल कामत ने नवंबर माह में फाइनेंशियल कंटेंट क्रिएटर शरण हेगड़े और राघव गुप्ता के स्टार्ट-अप 'The 1% Club' में निवेश किया था। स्टार्ट-अप को Gruhas से प्री-सीरीज ए फंडिंग में 10 करोड़ रुपये हासिल हुए हैं। Gruhas एक वेंचर कैपिटल फर्म है, जिसके कामत को-फाउंडर हैं। अन्य निवेशकों में Puzzolana Group के अभिजीत पई शामिल हैं। अक्टूबर में निखिल कामत ने 22 साल से कम उम्र के उद्यमियों के लिए एक फंडिंग और मेंटोरशिप प्रोग्राम, WTF Fund भी लॉन्च किया था। यह फंड ब्यूटी, होम, फैशन और लाइफस्टाइल सेगमेंट के युवा उद्यमियों को वित्तीय रूप से मदद करेगा।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।