Get App

सरकार ने Byju’s के एकाउंट्स की जांच का आदेश दिया, 6 हफ्ते में मांगी रिपोर्ट

कंपनी मामलों के मंत्रालय ने इस मामले में 6 हफ्ते में रिपोर्ट मांगी है। इस जांच के आधार पर आंतरिक स्तर पर कंपनी का मूल्यांकन किया जाएगा। जांच के नतीजों के आधार पर सरकार यह तय करेगी कि इस मामले को सीरियस फ्रॉड इनवेस्टिगेशन ऑफिस (SFIO) के हवाले किया जाए या नहीं

MoneyControl Newsअपडेटेड Jul 11, 2023 पर 4:44 PM
सरकार ने Byju’s के एकाउंट्स की जांच का आदेश दिया, 6 हफ्ते में मांगी रिपोर्ट
कोरोना महामारी के खत्म होने के बाद Byju’s की मुश्किलें शुरू हो गईं।

भारत सरकार ने एजुकेशन टेक्नोलॉजी सेक्टर की स्टार्टअप कंपनी Byju’s के बही-खातों (एकाउंट बुक) की जांच का आदेश दिया है। मामले से वाकिफ सूत्रों ने यह जानकारी दी है। पिछले महीने कंपनी के ऑडिटर के साथ-साथ बोर्ड के 3 सदस्यों ने भी इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद कंपनी की परफॉर्मेंस और अन्य बातों को लेकर तरह-तरह की खबरें भी आई थीं।

सूत्रों ने नाम जाहिर नहीं किए जाने की शर्त पर बताया कि कंपनी मामलों के मंत्रालय ने इस मामले में 6 हफ्ते में रिपोर्ट मांगी है। इस जांच के आधार पर आंतरिक स्तर पर कंपनी का मूल्यांकन किया जाएगा। जांच के नतीजों के आधार पर सरकार यह तय करेगी कि इस मामले को सीरियस फ्रॉड इनवेस्टिगेशन ऑफिस (SFIO) के हवाले किया जाए या नहीं।

गौरतलब है कि कोरोना महामारी में लॉकडाउन के दौरान छात्रों का स्‍कूल, कॉलेज और कोचिंग सेंटर जाना बंद हो गया, लिहाजा इस दौरान Byju’s का बिजनेस खूब बढ़ा। इसी दौरान Byju’s ने तेजी से अपने कारोबार का विस्तार करने के लिए कई स्टार्टअप्स शुरू किए। कंपनी ने आकाश इंस्टीट्यूट, आई रोबोट ट्यूटर, हैशलर्न, व्हाइट जूनियर और टॉपर जैसी कई कपंनियों का अधिग्रहण भी किया। उसने अपने कर्मचारियों की संख्‍या में भी खूब इजाफा किया। हालांकि, कोरोना महामारी के समाप्‍त होते ही Byju’s की मुश्किलें शुरू हो गईं।

बायजूस ने 18 महीने की देरी के बाद जब सिंतबर 2022 में अपने वित्तीय आंकड़े जारी किए तो उससे कंपनी की आर्थिक सेहत की पोल भी खुल गई। कंपनी के आंकड़ों से पता चला कि बायजूस को वित्त वर्ष 2021 में 4,589 करोड़ का घाटा हुआ। यही नहीं उसकी आय भी 30 फीसदी गिरकर 2,428 करोड़ पर पहुंच गई। Byju’s में कॉरपोरेट गवर्नेंस, बहीखातों में गड़बड़ी और बड़े पैमाने पर छंटनी जैसी दिक्कतें भी जारी हैं।

सब समाचार

+ और भी पढ़ें