Lenskart ने प्राइवेट इक्विटी फर्म ChrysCapital से 10 करोड़ डॉलर जुटाए हैं। यह पैसा प्राइमरी और सेकेंडरी शेयरों की सेल (Sell) के जरिए जुटाया गया है। लेंसकार्ट ने इस बारे में बताया है। लेंसकार्ट ने यह पैसा तब जुटाया है, जब स्टार्टअप्स को फंड जुटाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इसकी वजह यह है कि अभी इनवेस्टर्स स्टार्टअप्स में निवेश करने में दिलचस्पी नहीं दिखा रहे हैं। वे पैसे लगाने से पहले स्टार्टअप्स की मुनाफा कमाने की क्षमता पर फोकस कर रहे हैं।
दो महीने पहले भी जुटाए थे फंड
करीब दो महीने पहले भी लेंसकार्ट ने 50 करोड़ डॉलर जुटाए थे। उसने यह पैसा Abu Dhabi Investment Authority (ADIA) से जुटाए थे। यह हाल में किसी स्टार्टअप की तरफ से जुटाई गई बड़ी रकम है। लेंसकार्ट ने यह फंड अपनी 4.5 अरब डॉलर की वैल्यूएशन पर जुटाया था। अभी जुटाए गए अमाउंट को शामिल कर लें तो लेंसकार्ट अब तक 1.6 अरब डॉलर से ज्यादा जुटा चुका है।
आईवियर बिजनेस में बढ़ा रहा कॉम्पटिशन
Lenskart ने पिछले साल करीब 85 करोड़ डॉलर जुटाए थे। इस कंपनी का हेडक्वार्टर गुरुग्राम है। इसका मुकाबला टाटा की Titan Eyeplus से है। बताया जाता है कि रिलायंस रिटेल भी इस बिजनेस में उतरने जा रही है। इस साल मार्च में लेंसकार्ट में करीब 9 साल बिताने के बाद मोहित अरोड़ा ने इस्तीफा दे दिया था। वह रिलायंस रिटेल चले गए, जहां वह रिलायंस समूह के एक लग्जरी ब्रांड का नेतृत्व करेंगे।
लेंसकार्ट के लिए आसान नहीं ग्रोथ हासिल करना
आईवियर मार्केट में अब कई प्लेयर्स हो गए हैं। इनमें Coolwinks, Lawrance & Mayo, GKB Lens, Ray-Ban सहित कई कंपनियां मौजूद हैं। ऐसे में लेंसकार्ट के लिए बिजनेस में ग्रोथ हासिल करना आसान नहीं है। नया फंड जुटाने से पीयूष बंसल के इस स्टार्टअप को अपनी ऑफलाइन मौजूदगी बढ़ाने में मदद मिलेगी। दूसरे D2C स्टार्टअप्स भी हर चैनल के इस्तेमाल की स्ट्रेटेजी अपना रहे हैं।
लेंसकार्ट ने लगाई नई फैक्ट्री
पीयूष बंसल के स्टार्टअप ने बिजनेस की ग्रोथ के लिए एक नई फैक्ट्री शुरू की है। इसमें वह अगले साल 2 करोड़ जोड़े आईवियर की मैन्युफैक्चरिंग और शिपिंग करेगी। फंड जुटाने के दौरान कंपनी ने दावा किया था कि लगातार दूसरे साल कंपनी का रेवेन्यू 60 फीसदी बढ़ा है। इससे यह मुनाफे में आ गई है। लेंसकार्ट ने फाइनेंशियल ईयर 2021-22 में 102 करोड़ रुपये नुकसान उठाया था। FY21 में उसने 28 करोड़ रुपये प्रॉफिट कमाया था।