कॉम्पिटिशन और अंदरूनी लड़ाई की वजह से कुछ साल पहले स्नैपडील की हालत खराब हो गई थी और इसे फिर से लॉन्च किया गया। इन तमाम मुश्किलों से जूझने के बावजूद इससे जुड़े रहे लोग अभी भारत के टॉप एंजेल इनवेस्टर्स हैं। 'फ्यूचर यूनिकॉर्न्स' के बेस्ट पोर्टफोलियो वाले टॉप 5 इनवेस्टर्स में से तीन इस ई-कॉमर्स कंपनी से जुड़े रह चुके हैं- आनंद चंद्रशेखरन, कुणाल बहल और रोहित बंसल।
ASK प्राइवेट वेल्थ हुरुन इंडिया फ्यूचर यूनिकॉर्न इंडेक्स के मुताबिक, भारत के टॉप 5 एंजेल इनवेस्टर्स में क्रेड (Cred) के कुणाल शाह और शार्क टैंक (Shark Tank) के अनुपम मित्तल भी शामिल हैं। मित्तल Shaadi.com के फाउंडर भी हैं।
इस लिस्ट में 147 ऐसी स्टार्टअप कंपनियों की पहचान की गई है, जो अगले पांच साल में यूनिकॉर्न बन सकती हैं। यूनिकॉर्न ऐसी प्राइवेट स्टार्टअप कंपनियों को कहा जाता है, जिनकी वैल्यूएशन 1 अरब डॉलर से ज्यादा हो। कुछ कंपनियों के लिए पांच साल का टारगेट रखा गया है, जबकि बाकी कंपनियों के लिए 3 साल की अवधि तय की गई है। हम यहां कुछ ऐसे इनवेस्टर्स के बारे में बता रहे हैं जिनके पोर्टफोलियो में भविष्य के यूनिकॉर्न हैं।
आनंद चंद्रशेखरन ऐसा युवा हैं जो सिलिकॉन वैली में सफल हुए। उन्होंने Yahoo में भी काम किया था। चंद्रशेखरन ने कोयंबटूर के पीएसजी कॉलेज ऑफ टेक्नोलॉजी से ग्रैजुएशन किया और स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में मास्टर्स डिग्री हासिल की। Yahoo के अलावा, उन्होंने एयरटेल और स्नैपडील में भी काम किया। स्नैपडील में वह चीफ प्रॉडक्ट ऑफिसर थे। साल 2015 में उन्होंने स्नैपडील से इस्तीफा दे दिया। फिलहाल वह पीई फर्म जनरल कैटालिस्ट की इनवेस्टमेंट टीम का हिस्सा हैं। हालांकि, चंद्रशेखरन बेहतर इनवेस्टमेंट फैसलों के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने भारत की 16 स्टार्टअप फर्मो में निवेश किया है। ये सभी कंपनियां हुरुम की संभावित यूनिकॉर्न की सूची का हिस्सा हैं।
सबसे स्मार्ट इनवेस्टर्स की सूची में कुणाल शाह की मौजूदगी बिल्कुल हैरानी की बात नहीं है। वह यूनिकॉर्न कंपनी क्रेड के फाउंडर हैं। उन्होंने 12 स्टार्टअप में निवेश किया है, जो हुरुम की संभावित यूनिकॉर्न वाली सूची का हिस्सा हैं। शाह मुंबई के विल्सन कॉलेज के ग्रैजुएट हैं और वह फिनटेक सेक्टर की कई कंपनियों में हाथ आजमा चुके हैं। हालांकि, उन्होंने कारोबारी यात्रा की शुरुआत पैसाबैक (Paisaback) से की थी जिसे Ibibo ने खरीद लिया।
बहल Microsoft के फाउंडर हैं। व्हार्टन और केलॉग स्कूल ऑफ मैनेजमेंट से पढ़ाई करने के बाद उन्होंने थोड़े समय के लिए माइक्रोसॉफ्ट (Microsoft) में काम किया। वीजा इश्यू की वजह से उन्हें 2007 में भारत लौटना पड़ा था। तीन साल के भीतर उन्होंने स्नैपडील की स्थापना की, जहां उन्हें काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिला। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्होंने 200 स्टार्टअप फर्मों में निवेश किया है। हुरुम के मुताबिक, उन्होंने 8 संभावित यूनिकॉर्न में निवेश कर रखा है।
रोहित बंसल दिल्ली पब्लिक स्कूल में कुणाल बहल के साथ पढ़ते थे और दोनों के बीच स्कूल के दिनों से ही दोस्ती थी। आईआईटी दिल्ली से ग्रैजुएट बंसल स्नैपडील के को-फाउंडर भी रहे हैं। अपने दोस्त की तरह उन्होंने भी इनोवेटिव और अलग तरह की कंपनियों में निवेश किया है। उन्होंने यूनिकॉर्न कंपनी ओला (Ola) में भी निवेश किया है। हुरुम के मताबिक, बहल की तरह ही उन्होंने 8 संभावित यूनिकॉर्न में निवेश किया है और दोनों के कई इनवेस्टमेंट कॉमन हैं।
इनके बारे में कहा जाता है कि जब यह ट्विटर (Twitter ) पर ट्रोल्स को जवाब नहीं देते हैं, तो इसका मतलब है कि वह शार्ट टैंक पर अगले बेस्ट स्टार्टअप आइडिया की तलाश कर रहे होते हैं। 'शार्क' अनुपम मित्तल सीरियल इनवेस्टर हैं। अनुपम Shaadi.com के फाउंडर भी हैं। वह पहले ही Ola जैसे यूनिकॉर्न में निवेश कर चुके हैं और उनके पास कंपनियों की शानदार पोर्टफोलियो है। हुरुम के मुताबिक, संभावित यूनिकॉर्न की सूची में से उन्होंने 6 कंपनियों में निवेश किया है।