Ola के CEO भाविश अग्रवाल अब नहीं देखेंगे कंपनी के डेली कामकाज, इन चीजों पर करेंगे फोकस

Ola के CEO भाविश अग्रवाल अब इंजीनियरिंग से जुड़े कार्यों और प्रोडक्ट्स पर अधिक ध्यान देंगे, जबकि ग्रुप CFO जीआर अरुण कुमार कंपनी के रोजाना के कामकाम देखेंगे

अपडेटेड Apr 13, 2022 पर 3:17 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
भाविश अग्रवाल, Ola के फाउंडर और सीईओ

ओला (Ola) के फाउंडर और सीईओ भाविश अग्रवाल (Bhavish Aggarwal) ने कंपनी में अपनी जिम्मेदारी बदली है। अब वह कंपनी के रोजाना के कामकाज को नहीं देखेंगे। बल्कि इसकी जगह अब वह इंजीनियरिंग से जुड़े कार्यों, टीम बिल्डिंग और प्रोडक्ट्स पर अधिक ध्यान देंगे। साथ ही वह टू-व्हीलर, कार और क्विक कॉमर्स जैसी लंबी अवधि के रणनीतिक प्रोजेक्ट्स पर फोकस करेंगे और विदेशों में कंपनी के विस्तार पर ध्यान देंगे।

ओला (Ola) का रोजाना का कामकाज अब जीआर अरुण कुमार (GR Arun Kumar) संभालेंगे, जो फिलहाल ओला के ग्रुप चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर (CFO) और ओला इलेक्ट्रिक (Ola Electric) के CFO हैं। जीआर अरुण कुमार ने करीब एक साल पहले ओला को ज्वाइन किया था।

Ola ने यह अहम बदलाव ऐसे समय में किया है, जब वह फिर से फंडिंग जुटाने की तैयारी कर रही है। साथ ही Ola इलेक्ट्रिक स्कूटर्स की क्वालिटी को लेकर सवाल खड़े किए जा रहे हैं और कंपनी में विभिन्न स्तर पर हाल में कई कर्मचारियों के छोड़ कर जाने की खबर आई है।


यह भी पढ़ें- Hariom Pipe के शेयरों में अपर सर्किट लगा, जानिए निवेशकों को अब क्या करना चाहिए?

भाविश अग्रवाल ने कर्मचारियों को भेजे एक इंटरनल नोट में कहा, "अधिक मात्रा, तेज गति और क्वालिटी हासिल करने के लिए हमें हर डिटेल पर गहराई से ध्यान देने की जरूरत है। साथ ही इसके लिए प्रत्येक टीम को सभी के साथ तालमेल बिठाकर काम करना होगा। इसके साथ ही हमें नए और शानदार अवसरों को भुनाने के लिए लगातार कुछ नया करने की जरूरत है, जिससे हम बड़ी छाप छोड़ पाएं।" मनीकंट्रोल ने यह इंटरनल नोट देखा है।

उन्होंने आगे कहा, "मैं इंजीनियरिंग से जुड़े कार्यों, टीम बिल्डिंग और प्रोडक्ट्स पर अब ज्यादा समय बिताऊंगा। साथ ही मैं टू-व्हीलर, कार, क्विक कॉमर्स, इलेक्ट्रिक कैब सर्विस, हमारी सेल R&D और फैक्ट्री, विदेशों में विस्तार, पुणे टेक सेंटर को बनाने और फ्यूचरफाउंड्री यूके पर भी अब अधिक फोकस करूंगा।"

भाविश अग्रवाल ने कहा, "कंपनी के मौजूदा बिजनेसों पर हमारा पर्याप्त ध्यान हो, यह पक्का करने के लिए मैं अरुण जीआर की भूमिका का विस्तार कर रहा हूं और वो अब कंपनी के रोजाना के कामकाज को चलाने में मेरी मदद करेंगे। अरुण पिछले साल Ola में आए थे और इस एक साल में वह काफी प्रभावशाली रहे हैं।"

अग्रवाल ने कहा कि अरुण अपने नए भूमिला में सभी लीडर्स के साथ मिलकर हमारे लक्ष्यों को हासिल करने के लिए काम करेंगे और सभी बिजनेसों की समीक्षा करेंगे। साथ ही वह उन प्रोजेक्ट्स को भी देखेंगे, जिसमें कंपनी की एक से अधिक टीमों के सदस्य भी काम कर रहे हैं। यह जिम्मेदारी अरुण को भाविश अग्रवाल के बाद Ola में दूसरा सबसे पावरफुल एग्जिक्यूटिव बनाती है।

सॉफ्टबैंक के निवेश वाली Ola फिर से फंडिंग जुटाने की तैयारी कर रही है। यह फंडिंग कम वैल्यूएशन पर जुटाई जा सकती है। ऐसा इसलिए क्योंकि कंपनी के वैल्यूएशन में पिछले कुछ समय में गिरावट आई है। साल 2021 में Ola की वैल्यूएशन अपने रिकॉर्ड हाई पर थी। Ola इस साल अपना इनीशियल पब्लिक ऑफर (IPO) लाने वाली थी। हालांकि ऐसा लगता है कंपनी अब फंडिंग राउंड को पूरा करने के बाद IPO पर ध्यान देगी। Ola की आखिरी वैल्यूएशन 7.3 अरब डॉलर की थी, जब उसने सीरीज J राउंड के तहत 13.9 करोड़ डॉलर की फंडिंग जुटाई थी।

इस बीच ओला ने एवेल फाइनेंस (Avail Finance) नाम की एक फर्म का अधिग्रहण किया है, जो भाविश अग्रवाल के छोटे भाई अंकुश अग्रवाल की फर्म है। इस कदम ने कंपनी के गवर्नेंस और वित्तीय नीयत पर सवाल खड़े किए हैं।

इस बीच भाविश अग्रवाल एक 'सुपर ऐप' लॉन्च करने की भी तैयारी कर रह हैं, जो कैब-ऑटो बुकिंग के अलावा लोन औ माइक्रोइश्योरेंस भी ऑफर करेगा। इसके अलावा ओला, इंस्टैंट ग्रॉसरी डिलीवरी बिजनेस 'OLA Dash' में भी आक्रामक रूप से निवेश कर रहा है। ओला की राइवल कंपनी उबर ग्लोबल लेवल पर राइड बिजनेस से अधिक फूड डिलीवरी बिजनेस से कमाई करती है।

भाविश अग्रवाल ओला के साथ ओला इलेक्ट्रिक के भी फाउंडर हैं। दोनों स्टार्टअप अब यूनिकॉर्न बन चुके हैं। ओला इलेक्ट्रिक ने ईवी मार्केट में बड़ा बदलाव लाने का प्लान बनाया है। कंपनी ने पिछले साल दिसंबर में अपने स्कूटर की डिलीवरी शुरू की थी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।