Ola Electric IPO: ओला इलेक्ट्रिक का 2024 की शुरुआत में आएगा IPO, कंपनी ने इन्हें बनाया फाइनेंशियल एडवाइजर्स

ओला इलेक्ट्रिक (Ola Electric) अगले साल यानी 2024 की शुरुआत में अपना इनीशियल पब्लिक ऑफर (IPO) लाने की तैयारी में है। इसके लिए कोटक महिंद्रा कैपिटल और गोल्डमैन सेक्स को इनवेस्टमेंट एडवाइजर के रूप में हायर करने के लिए स्टार्टअप बातचीत कर रहा है। ओला इलेक्ट्रिक में सॉफ्टबैंक और टाइबर ग्लोबल सहित दुनिया की कई दिग्गज प्राइवेट इक्विटी फर्मों ने निवेश किया हुआ है

अपडेटेड May 25, 2023 पर 5:09 PM
Ola Electric का लक्ष्य अगले साल चुनाव से पहले IPO लॉन्च करने का है

ओला इलेक्ट्रिक (Ola Electric) अगले साल यानी 2024 की शुरुआत में अपना इनीशियल पब्लिक ऑफर (IPO) लाने की तैयारी में है। इसके लिए कोटक महिंद्रा कैपिटल और गोल्डमैन सेक्स को इनवेस्टमेंट एडवाइजर के रूप में हायर करने के लिए स्टार्टअप बातचीत कर रहा है। इलेक्ट्रिक वाहनों पर अगले साल सरकार की ओर से मिलने वाली सब्सिडी खत्म होने वाली है और कंपनी की योजना इससे पहले शेयर बाजारों में सूचीबद्ध होने की है। ओला इलेक्ट्रिक में सॉफ्टबैंक और टाइबर ग्लोबल सहित दुनिया की कई दिग्गज प्राइवेट इक्विटी फर्मों ने निवेश किया हुआ है। मामले से वाकिफ लोगों ने बताया कि कंपनी ने मई में कई घरेलू और विदेशी इनवेस्टमेंट बैंकों के साथ IPO की तैयारी को लेकर बैठकें की थीं।

इन चर्चाओं के बाद, कोटक महिंद्रा कैपिटल और गोल्डमैन सैक्स को फिलहाल इनवेस्टमेंट एडवाइजर चुनने के लिए आखिरी दौर की बातचीत हो रही है। सूत्रों ने बताया कि इसमें कोटक आईपीओ के स्ट्रक्चर को तय करने के लिए स्टार्टअप के साथ मिलकर काम कर रहा है।

उन्होंने कहा कि इसके अलावा ओला इलेक्ट्रिक ने बाद में कम से कम दो और इनवेस्टमेंट बैंकों को नियुक्त करने की योजना बनाई है। सूत्रों के मुताबिक कंपनी ने IPO के लिए कानूनी सलाहकार के तौर पर सिरिल अमरचंद मंगलदास को भी लगाया है।


एक सूत्र ने बताया, "IPO से पहले कंपनी कुछ मोटरसाइकिलों को लॉन्च करेगी। साथ ही यह अपनी बैटरी यूनिट पर भी फोकस बढ़ाएगी।"

यह भी पढ़ें- सिस्टम में नकदी बढ़ाने के लिए RBI खरीद सकता है 18 अरब डॉलर के बॉन्ड्स: ICICI Bank

सूत्र का इशारा OLA की ओर से बेंगलुरु में बैटरी इनोवेशन सेंटर नाम से एक नई रिसर्च एंड डेवलपमेंट (R&D) फैसिलिटी लगाने की ओर था, जो 5 लाख स्क्वायर फीट में फैला हुआ है। इसके अलावा कंपनी की एक नई इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल पेश करने की योजना है। अब तक, ओला इलेक्ट्रिक ने पूरी तरह से इलेक्ट्रिक स्कूटर सेगमेंट में काम किया है।

ऊपर बताए गए एर शख्स ने कहा, 'अभी तक कोई खास टाइमलाइन तय नहीं की गई है, लेकिन इनका लक्ष्य अगले साल चुनाव से पहले IPO लॉन्च करने का है।'

इससे पहले मनीकंट्रोल ने 23 मई को एक रिपोर्ट में बताया था कि नेक्सस वेंचर्स और वेस्टब्रिज कैपिटल के निवेश वाली हाउसिंग कंपनी इंडिया शेल्टर (India Shelter) ने 2,000 करोड़ रुपये का IPO लाने के लिए कुछ इनवेस्टमेंट बैंकरों को नियुक्त किया है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।