ओपन नेटवर्क फॉर डिजिटल कॉमर्स (ONDC) का दायरा बढ़ने जा रहा है। अब ओएनडीसी ने एक ब्लूप्रिंट जारी किया है, जिसमें बताया गया है कि कैसे उसके प्लेटफॉर्म पर फाइनेंशियल सर्विसेज बेची जा सकती है। सरकार के इस ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म ने कुछ महीने पहले फूड और ग्रॉसरी की डिलीवरी शुरू की थी। इस प्लेटफॉर्म पर ई-कॉमर्स की पुरानी कंपनियों ने ऑनलाइन शॉपिंग की दुनिया में उथलपुथल मचाने के भी आरोप लगाए थे। ओएनडीसी ने डेवलपर प्लेटफॉर्म GitHub पर फाइनेंशियल सर्विसेज की शुरुआत के लिए ड्राफ्ट स्पेसिफिकेशंस जारी किए हैं। इसमें एक मेमो भी शामिल है, जिसमें कहा गया है कि ओएनडीसी फाइनेंशियल सर्विसेज सेक्टर के लिए एक देशव्यापी नेटवर्क बनाना चाहता है। इस पर पॉलिसीमेकिंग अथॉरिटीज को लाने के साथ ही इनोवेशन को सपोर्ट मिलेगा।
बैंक, एनबीएफसी से राय मांगी
ओएनडीसी के प्लेटफॉर्म पर गिफ्ट कार्ड्स, पर्सनल लोन और इनवॉयस आधारित क्रेडिट जैसे फाइनेंशियल प्रोडक्ट्स बिक्री के लिए उपलब्ध होंगे। उसने इस बारे में बैंक, एनबीएफसी, बायर और सेलर ऐप्स जैसे पार्टिसिपेंट्स से फीडबैक मांगा है। फीडबैक मिलने के बाद प्रोटोकॉल का डिजाइन तैयार होगा। सूत्रों ने मनीकंट्रोल को बताया कि इसमें दो से तीन हफ्तों का समय लग जाएगा।
नेटवर्क पार्टिसिपेंट्स के इंटिग्रेशन में लगेगा समय
एक सूत्र ने कहा, "स्पेसिफिकेशंस तय होने के बाद नेटवर्क पार्टिसिपेंट्स (NP) यह तय करेंगे कि वे फाइनेंशियल सर्विसेज ग्राहकों को ऑफर करने के लिए इस नेवटर्क में शामिल होना चाहते हैं या नहीं। जो पार्टिसिपेंट्स नेटवर्क पर शामिल होना चाहेंगे, उन्हें प्रोटोकॉल के साथ इंटिग्रेट करने में एक महीने का समय लगेगा।" ONDC की वेबसाइट के मुताबिक, सरकार के सपोर्ट वाला यह नेटवर्क अपने प्लेटफॉर्म पर गिफ्ट कार्ड्स और क्रेडिट इंस्ट्रूमेंट्स के अलावा फास्टैग और इंश्योरेंस प्रोडक्ट्स को लाना चाहता है। इस बारे में मनीकंट्रोल की तरफ से पूछे गए सवालों के जवाब ओएनडीसी ने नहीं दिए।
फाइनेंशियल सर्विसेज का मल्टी-मॉडल नेटवर्क तैयार करने का प्लान
गिटहब पर उपलब्ध मेमो में कहा गया है, "ONDC फाइनेंशियल सर्विसेज ऐसा नेशनवाइड मल्टी-मॉडल नेटवर्क तैयार करना चाहती है जो अलग-अलग तरह के फाइनेंशियल सर्विसेज प्लेयर्स को एक साल लाकर शानदार अनुभव और इनोवेशन ऑफर करेगा। इस प्लेटफॉर्म पर फाइनेंशियल सर्विसेज प्लेयर्स अपनी शर्तों के साथ अपनी मौजूदगी दर्ज करा सकते हैं।" इसके लिए सभी फाइनेंशियल सर्विसेज ऐप्स को इस तरह से इंटिग्रेट करना होगा, जिससे वे एक ही लैंग्वेज में एक-दूसरे से कम्युनिकेट कर सकें।
अभी 7 कैटेगरी में प्रोडक्ट्स उपलब्ध
अभी ओएनडीसी पर सात तरह के प्रोडक्ट्स की कैटेगरी मौजूद हैं। इनमें फूड एंड बेवरेजेज, ग्रॉसरी, होम एंड किचेन प्रोडक्ट्स, मोबिलिटी, इलेक्ट्रॉनिक्स, फैशन एंड ब्यूटी और पर्सनल केयर शामिल हैं। ओनडीसी ने भविष्य में अपने नेटवर्क पर एजुकेशनल सर्विसेज और होम सर्विसेज लाने का भी प्लान बनाया है।