PhonePe भारत में लॉन्च करेगी अपना ऐप स्टोर, Google के दबदबे को देगी चुनौती, जानें डिटेल

फिनटेक सेक्टर की दिग्गज कंपनी फोनपे (PhonePe), एंड्रॉयड यूजर्स के लिए एक ऐप्लिकेशन स्टोर (Application Store) लॉन्च करने की तैयारी कर रही है। यह फोनपे की ओर से लॉन्च किया जाने वाला एक और नया प्रोडक्ट होगा। वॉलमार्ट के निवेश वाली फोनपे, भारत के मोबाइल पेमेंट्स इंडस्ट्री की सबसे बड़ी कंपनी है

अपडेटेड Apr 24, 2023 पर 3:10 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
भारत के ऐप स्टोर मार्केट के 97% हिस्से पर फिलहाल गूगल का कब्जा है

फिनटेक सेक्टर की दिग्गज कंपनी फोनपे (PhonePe), एंड्रॉयड यूजर्स के लिए एक ऐप्लिकेशन स्टोर (Application Store) लॉन्च करने की तैयारी कर रही है। यह फोनपे की ओर से लॉन्च किया जाने वाला एक और नया प्रोडक्ट होगा। वॉलमार्ट के निवेश वाली PhonePe, भारत के मोबाइल पेमेंट्स इंडस्ट्री की सबसे बड़ी कंपनी है। कंपनी के इंटरनल डॉक्यूमेंट्स के मुताबिक, इस ऐप स्टोर को उन सेवाओं को ऑफर करने के लिए डिजाइन किया गया है, जो बेहद स्थानीय नेचर या प्रकृति वाले हैं और जो कस्टमर की जरूरतों के मुताबिक चलते हों। ऐप स्टोर का उद्देश्य बहुभाषी सॉल्यूशंस के जरिए 'हाई क्वालिटी' वाले यूजर्स को हासिल करने में डेवलपर की मदद करना है। टेकक्रंच ने एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी है।

मनीकंट्रोल इस रिपोर्ट की स्वतंत्र रुप से पुष्टि नहीं कर सका।

बेंगलुरु मुख्यालय वाला PhonePe ऐसे समय में अपना ऐप स्टोर लॉन्च करने की तैयारी कर रहा है, जब इसने हाल ही में इंडसओएस (IndusOS) का अधिग्रहण किया है। IndusOS भी एक ऐप स्टोर मेकर है, जो स्मार्टफोन वेंडर्स के साथ साझेदारी के जरिए ग्राहकों को सेवाएं ऑफर करता है।


PhonePe ने भी पुष्टि किया है कि वह भारत में एक ऐप स्टोर लॉन्च करने की प्रक्रिया में है।

टेकक्रंच को दिए एक बयान में फोनपे के एक प्रवक्ता ने कहा, "भारत के ऐप स्टोर मार्केट के 97% हिस्से पर गूगल (Google) का कब्जा है। इस सबके बीच, PhonePe जैसे ब्रांड के लिए यहां एक वैकल्पिक ऐप स्टोर बनाने का मौका है, जो न सिर्फ भाषा के लिहाज से बल्कि सेवाओं और कंज्यूमर्स के इंटरेस्ट के लिहाज से भी स्थानीय प्रकृति के हों। फोनपे के पास पहले से ही देश में 45 करोड़ से अधिक यूजर्स हैं।"

यह भी पढ़ें- PMS के पसंदीदा ये नैनोकैप स्टॉक साबित हो सकते हैं मल्टीबैगर, आइए डालते हैं इन पर एक नजर

PhonePe ने भी इस बात की भी जानकारी दी कि वह इसे लेकर स्मार्टफोन बनाने वाली विभिन्न कंपनियों से बात कर रही है। कंपनी ने बताया, "सभी ने इसमें दिलचस्पी दिखाई है। खासतौर से CCI के हालिया फैसले के बाद, जिसमें साफ कहा गया है कि गूगल कॉम्पिटीशन रोकने वाले तरीकों में शामिल नहीं हो सकता है।"

कंपनी ने आगे कहा, "हमें उम्मीद है कि लॉन्च होने के कुछ ही महीनों के अंदर यह ऐप स्टोर सभी स्मार्टफोन कंपनियों के डिवाइसों पर मौजूद होगा। हमने हाल ही में एक बड़ी स्मार्टफोन कंपनी के साथ इसे लेकर समझौता किया है और हम जल्द से जल्द बाकी कंपनियों तक भी पहुंचना चाहते हैं।"

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।