अब Ola में छंटनी की तैयारी, लागत घटाने की कोशिश कर रही कंपनी, 400-500 कर्मचारियों की जा सकती है नौकरी

Ola के एक सूत्र ने बताया, "प्रमुख मैनेजरों से अपनी उन टीम के उन लोगों की लिस्ट बनाने के लिए कहा गया है, जिनकी छंटनी की जा सकती है"

अपडेटेड Jul 05, 2022 पर 6:32 PM
Story continues below Advertisement
ओला के कोर मोबिलिटी बिजनेस में करीब 1,000-1,100 कर्मचारी काम करते हैं

ओला (Ola) करीब 400 से 500 कर्मचारियों की छंटनी की तैयारी कर रही है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, आईपीओ लाने की योजना में देरी और फंडिंग को लेकर चुनौतीपूर्ण माहौल के बीच Ola अपनी लागत को घटाने की कोशिश कर रही है और इसके तहत वह कर्मचारियों की छंटनी का फैसला ले सकती है।

ओला कर्मचारियों की छंटनी का कदम ऐसे समय में उठाने जा रही है, जब कुछ दिनों पहले ही उसने अपनी क्विक कॉमर्स बिजनेस 'ओला डैश (Ola Dash)' को बंद करने का फैसला किया है। वहीं इलेक्ट्रिक सेगमेंट पर अधिक फोकस करने के लिए इसने अपनी सेंकेड हैंड कारों के बिजनेस 'ओला कार्स' को भी बंद करने का ऐलान किया है। ओला ने उस वक्त कहा था कि ये कदम उसके इलेक्ट्रिक सेगमेंट के सफर में तेजी लाने की रणनीति का हिस्सा हैं।

मामले से वाकिफ एक सूत्र ने बताया, "प्रमुख मैनेजरों से अपनी उन टीम के उन लोगों की लिस्ट बनाने के लिए कहा गया है, जिनकी छंटनी की जा सकती है।" सूत्र ने आगे कहा कि ओला ने ब्रिटेन, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड जैसे विदेशी बाजारों में निवेश पर भी ब्रेक लगा दिया है, जहां वह पहले से मौजूद है।


यह भी पढ़ें- Taking Stock : उतार-चढ़ाव के बीच लाल निशान में बंद हुआ बाजार, जानिए कल कैसी रह सकती है 

एक दूसरे सूत्र ने बताया, "उन्होंने अंतरराष्ट्रीय बाजारों में खर्च करना बंद कर दिया है। यूके और न्यूजीलैंड जैसे देशों में उनका मार्केट शेयर अब एकल अंकों में आ गया है।"

सूत्रों का अनुमान है कि ओला के कोर मोबिलिटी बिजनेस में करीब 1,000-1,100 कर्मचारी काम करते हैं। एक सूत्र ने बताया, "वे हर महीने करीब 100-150 करोड़ रुपये का रेवेन्यू दर्ज करते हैं, जिसमें से 40-50 करोड़ रुपये का प्रॉफिट रहा है। ओला डैश जैसे खर्चीले कारोबार के बंद करने और कर्मचारियों की लागत में कटौती से उनका ऑपरेशनल मार्जिन बढ़ जाएगा और अगर वे आईपीओ की दिशा में आगे बढ़ते हैं तो यह उन्हें मुनाफा कमाने वाले कारोबार के तौर पर भी दिखाएगा।"

ओला ने छंटनी की इस खबर या निकाले जाने वाले लोगों की संख्या के बारे में कोई टिप्पणी नहीं की। हालांकि उसने कहा कि उसका मुख्य फोकस मोबिलिटी इंडस्ट्री पर बना रहेगा, फिर चाहे वो राइड-हेलिंग हो, ऑटो रिटेल, फाइनेंशियल सर्विसेज या इलेक्ट्रिक व्हीकल्स हो।

कंपनी ने कहा, "आज हमारा राइड हेलिंग बिजनेस हर महीने नया रिकॉर्ड GMV दर्ज कर रहा है। जैसे-जैसे हम बढ़ते रहेंगे, हम छोटी और कंसॉलिडेटेड टीम के साथ क्षमताओं और पैमाने को इस तरह से देखेंगे, जो हमारी मुनाफे की मजबूत स्थिति को बरकरार रखे।" ओला ने इसके साथ अपने GMV (ग्रॉस मर्चेंडाइज वैल्यू) को लेकर कोई आंकड़ा नहीं दिया, लेकिन इस बयान से यह संकेत जरूर मिलता है कि वह आगे छंटनी कर सकती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।