ऑनलाइन फूड डिलीवरी कंपनी स्विगी (Swiggy) के सीनियर वाइस-प्रेसिडेंड (SVP), कार्तिक गुरुमूर्ति कंपनी को छोड़कर अपना नया स्टार्टअप खोलने जा रहे हैं। इस मामले से वाकिफ लोगों ने मनीकंट्रोल को यह जानकारी दी है। गुरुमूर्ति को स्विगी इंस्टामार्ट (Swiggy Instamart) को बनाने के लिए जाना जाता है। इस साल मार्च में गुरुमूर्ति कंपनी से लंबी छुट्टी पर चले गए थे, लेकिन मई में वह स्विगी मॉल (Swiggy Mall) को हेड करने के लिए वापस आ गए थे। स्विगी मॉल को पहले स्विगी मैक्स के नाम से जाना जाता था और यह एक हाइपरलोकल ऑनलाइन शॉपिंग डेस्टिनेशन है।
गुरुमूर्ति के करीबी लोगों ने बताया कि उनका नए वेंचर का स्विगी से बहुत अलग नहीं होगा, लेकिन यह ऑफलाइन सेक्टर में होगा। एक शख्स ने बताया, "आप जर्मनी की 'एल्डी (Aldi)' कंपनी से गुरुमूर्ति की नई फर्म की तुलना कर सकते हैं। एल्डी जैसा जर्मनी में कर रही है, वैसा ही वे कुछ भारत में करना चाहते हैं। उस कम लागत वाले फिजिकल स्टोर के मॉडल को यहां दोहराया जाएगा।"
उन्होंने बताया, "फूड एंड वेजेटेबल्स (F&V) सेगमेंट में उन्हें महारत हासिल की है। उन्होंने स्विगी इंस्टामार्ट को खड़ा करने का श्रेय पूरी तरह से उन्हें जाता है। वह इस सेक्टर को अच्छे तरीके से समझते हैं। कोई भी वेंचर फंड उन्हें पैसा देने को राजी होगा।"
गुरुमूर्ति ने पिछले कुछ महीनों में कई वेंचर कैपिटलिस्ट फर्मों से मुलाकात की है। इनमें मैट्रिक्स और एक्सेल भी शामिल हैं। एक व्यक्ति ने बताया गुरुमूर्ति ने अभी अपने फर्म का नाम 'कनवीनियो (Convenio)' रखने का सोचा है, लेकिन बाद में इसे बदला जा सकता है।
इससे पहले खबर आई थी कि स्विगी ने दीपक कृष्णमणि को स्विगी मॉल को हेड करने के लिए हायर किया है। यह बताता है कि स्विगी पहले से गुरुमूर्ति की कंपनी से विदाई के लिए तैयार है। कृष्णमणि करीब 7 सालों तक एमेजॉन (Amazon) में काम करने के बाद पिछले महीने स्विगी में शामिल हुए। एमेजॉन में शामिल होने से पहले, कृष्णमणि ने मैरिको में नौ साल बिताए थे।