Swiggy ने 5 शहरों में बंद की 'सुपर डेली' सर्विस, कहा- 'घाटे में नहीं अब मुनाफे पर करना है फोकस'

ऑनलाइन फूड डिलीवरी कंपनी स्विगी (Swiggy) ने दिल्ली-मुंबई सहित पांच शहरों में अपनी सुपर डेली (Supr Daily) सर्विस को बंद कर दिया है

अपडेटेड May 11, 2022 पर 9:06 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
स्विगी की Supr Daily एक सब्सक्रिप्शन आधारित डिलीवरी सर्विस है

ऑनलाइन फूड डिलीवरी कंपनी स्विगी (Swiggy) ने मंगलवार को बताया कि उसने पांच शहरों में अपनी सुपर डेली (Supr Daily) सर्विस को बंद कर दिया है। कंपनी ने कहा कि वह अभी तक मुनाफे में नहीं आई है और फिलहाल वह इस चुनौतीपूर्ण समय में लागत को घटाने और घाटे को कम करने पर फोकस कर रही है।

Supr Daily एक सब्सक्रिप्शन आधारित डिलीवरी सर्विस है, जिसके जरिए दूध, रोजाना के जरूरी सामान और किराना उत्पादों डिलीवर किए जाते हैं। इसे साल 2015 में IIT बॉम्बे के ग्रेजुएट्स श्रेयस नागडावने और पुनीत कुमार ने मिलकर शुरू किया था। बाद में स्विगी ने इसका अधिग्रहण कर लिया था।

स्विगी के को-फाउंडर और सुपरडेली के सीईओ, फानी किशन एडेपली (Phani Kishan Addepalli) ने सुपर डेली के सभी कर्मचारियों को लिखे एक मेल में कहा, "हम अब ग्राहकों के जीवन का अनिवार्य हिस्सा बन गए हैं, हालांकि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि हम इसके साथ अभी तक मुनाफे की राह पर नहीं आए हैं। आज हम एक ऐसी स्थिति में हैं, जहां हम उन बिजनेसों पर पर्याप्त पैसा और समय खर्च करना बंद कर रहे हैं, जो हमें बाजार के हिसाब से बिजनेस को स्थापित करने के हमारे प्राथमिक गोल से दूर ले जा रहे हैं। हम अब जब नए वित्त वर्ष में प्रवेश कर रहे हैं, यह अहम है कि हम अपने आप को इस तरह व्यवस्थित करें, जिससे हमें अपने लक्ष्य को हासिल करने में मदद मिले।"


यह भी पढ़ें- गिरावट के साथ बंद हुआ बाजार, मेटल्स को पड़ी सबसे ज्यादा मार, बैंक शेयर चमके, जानिए कल कैसी रह सकती है चाल

स्विगी ने बिजनेस को रिस्ट्रक्चर करने की कोशिश के तहत, दिल्ली-एनसीआर, मुंबई, पुणे, हैदराबाद और चेन्नई में सुपर डेली का कामकाज बंद करने का फैसला किया है।

बेंगलुरु में जारी रहेगी सुपर डेली सर्विस

फानी किशन एडेपली ने कहा, "हमने इसे बंद करने का एक विस्तृत प्लान बनाया है, जिससे ऐसा करने पर हमारे यूजर्स के साथ-साथ ब्रांड और वेंडर पार्टनर्स को कम से कम नुकसान हो। हम बेंगलुरु में अपनी सेवा जारी रखेंगे और यहां दोगुने प्रयास से इसे बढ़ाने में जुटेंगे।"

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।