एक और उतार-चढ़ाव भरे कारोबारी दिन बाजार आज लाल निशान में बंद हुआ। मिलेजुले ग्लोबल संकेतों के बीच एफएमसीजी और बैंक को छोड़कर सभी सेक्टरों में बिकवाली का दबाव देखने को मिला। कारोबार के अंत में सेंसेक्स 105.82 अंक यानी 0.19 फीसदी टूटकर 54,364.85 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 61.80 अंक यानी 0.38 फीसदी गिरकर 16,240.05 के स्तर पर बंद हुआ।
LKP securities के एस रंगनाथन का कहना है कि केंद्रीय बैंक द्वारा किए गए मुद्रा विनिमय के बावजूद कमजोर होते हुए रुपये की वजह से आईटी स्टॉक पर दबाव देखने को मिला। अच्छे डील मिलने और मैनेजमेंट की कमेंट्री के बावजूद आईटी स्टॉक दबाव में रहे। हालांकि आज एफएमसीजी शेयरों में खरीदारी देखने को मिली। मेटल स्टॉक ने आज खेल बिगाड़ने का काम किया। एल्यूमीनियम और स्टील कंपनियों की लीडरशिप में दोपहर के कारोबार में मेटल इंडेक्स 5 फीसदी से ज्यादा टूट गया।
रंगनाथन ने आगे कहा कि बेंचमार्क इंडेक्स आज के वास्तविक नुकसान को दर्शा पाने में सफल नहीं हैं। ब्रॉडर मार्केट में भारी बिकवाली देखने को मिली है। एडवांस डिक्लाइन रेशियो से इस कमजोरी के संकेत मिलते हैं।
बुधवार को कैसी रह सकती है बाजार की चाल
Kotak Securities के श्रीकांत चौहान का कहना है कि ग्लोबल इकोनॉमी की ग्रोथ में सुस्ती की संभावना के बीच इन्वेस्टर आज मेटल , पावर, ऑयल एंड गैस शेयरों में भारी बिकवाली करते दिखे। जिसके चलते सेंसेक्स-निफ्टी में गिरावट देखने को मिली। ट्रेडरों को इस बात को लेकर चिंता है कि कई बड़ी विकसित इकोनॉमीज के सेंट्रल बैंक महंगाई को काबू में लाने के लिए ब्याज दरों में बढ़ोतरी करते नजर आ सकते हैं जिससे इकोनॉमी की ग्रोथ धीमी पड़ सकती है और इससे भारत सहित तमाम उभरती अर्थव्यवस्थाओं से विदेशी पैसा निकलता नजर आ सकता है।
टेक्निकल तौर पर देखें तो सुस्त शुरुआत के बाद निफ्टी में आज इंट्राडे रिकवरी देखने को मिली लेकिन 16,400 के पार इसको एक बार फिर प्रतिरोध का सामना करना पड़ा और यहां से तेज गिरावट आई। इंट्राडे चार्ट पर इंडेक्स अभी भी लोअर टॉप फॉर्मेशन को होल्ड कर रहा है। जो मार्केट के लिए काफी हद तक निगेटिव है। ट्रेडरों के लिए 16,200 का स्तर काफी अहम है। अगर नीचे की तरफ यह लेवल टूटता है तो निफ्टी हमें 16,100-16,050 की तरफ जाता नजर आ सकता है। वहीं अगर निफ्टी 16300 के ऊपर जाता है तो हम एक नई पुलबैक रैली की संभावना से इनकार नहीं कर सकते। ऐसे में निफ्टी हमें 16,400-16,450 की तरफ जाता नजर आ सकता है।
Religare Broking के अजीत मिश्रा का कहना है कि सेक्टोरल इंडेक्स में आज हमें मिला-जुला रुझान देखने को मिला। आज के कारोबार में मेटल, एनर्जी और रियल्टी टॉप लूजर रहे। ब्रॉडर मार्केट में मिड और स्मॉलकैप में कमजोरी कायम रही और यह 1.3 फीसदी और 1.7 फीसदी की गिरावट के साथ बंद हुए।
किसी पॉजिटिव ट्रिगर के अभाव में मार्केट पर हमारा मंदी का नजरिया कायम है। बाजार में हिस्सा लेने वालों को किसी एक दिन के उछाल से खुश होने की जरुरत नहीं है। किसी पक्के रिवर्सल का इंतजार करें। इसके अलावा ग्लोबल बाजार में स्थिरता भारतीय बाजार में मजबूती के लिए काफी अहम है। चूंकि अधिकांश सेक्टर दबाव में नजर आ रहे हैं । ऐसे में हमारा फोकस अच्छे शेयरों के चुनाव पर होना चाहिए और बीच-बीच में आने वाले उछाल को बिकवाली के मौके के रुप में इस्तेमाल करना चाहिए।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सार्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।