एस्टी लॉडर कंपनीज (Estee Lauder Companies) ने भारत के लग्जरी आयुर्वेदिक ब्यूटी ब्रांड फॉरेस्ट एसेंशियल्स (Forest Essentials) में बची हुई हिस्सेदारी खरीदने के लिए सहमति दे दी है। इससे लगभग दो दशक पहले शुरू हुई पार्टनरशिप और बढ़ेगी। यह ट्रांजेक्शन कैलेंडर ईयर 2026 की दूसरी छमाही में पूरा होने की उम्मीद है। कंपनी ने सबसे पहले साल 2008 में फॉरेस्ट एसेंशियल्स में माइनॉरिटी स्टेक खरीदा था। फिर 2020 में अपनी होल्डिंग बढ़ाकर 49% कर ली। साल 2000 में एंटरप्रेन्योर मीरा कुलकर्णी ने फॉरेस्ट एसेंशियल्स को शुरू किया था। यह ब्रांड अभी लगभग 200 स्टैंडअलोन स्टोर चलाता है और इसे इंडिया में टॉप प्रेस्टीज स्किनकेयर ब्रांड का दर्जा दिया गया है।
एस्टी लॉडर कंपनीज के साथ एग्रीमेंट के तहत कुलकर्णी अपने बेटे, एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर समरथ बेदी के साथ मिलकर ब्रांड की देखरेख करती रहेंगी। फॉरेस्ट एसेंशियल्स का हेडक्वार्टर नई दिल्ली में ही रहेगा और यह भारत में अपने इंटीग्रेटेड ऑपरेटिंग मॉडल को बरकरार रखेगी। इसके ऑपरेटिंग मॉडल में आयुर्वेदिक रिसर्च और डेवलपमेंट, लोकल बोटेनिकल सोर्सिंग और इन-हाउस मैन्युफैक्चरिंग शामिल हैं।
ब्रांड को ग्लोबल लेवल पर बढ़ाने की योजना
द एस्टी लॉडर कंपनीज के प्रेसिडेंट और चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर, स्टीफन डे ला फेवरी का कहना है कि यह डील भारत के लिए कंपनी के लंबे समय के कमिटमेंट को और मजबूत करती है। उन्होंने कहा, “आज पिछले 18 सालों में आपसी भरोसे और सम्मान की नींव पर बनी पार्टनरशिप में एक सार्थक नया चैप्टर शुरू हुआ है। फॉरेस्ट एसेंशियल्स एक असाधारण ब्रांड है, जिसे भारत में पसंद किया जाता है और इसे इसकी फाउंडर मीरा कुलकर्णी ने बनाया और आगे बढ़ाया है।” कंपनी अपनी पहचान बनाए रखते हुए ब्रांड को ग्लोबल लेवल पर बढ़ाने की योजना बना रही है।
कुलकर्णी ने कहा कि पार्टनरशिप का अगला फेज ब्रांड को इंटरनेशनल लेवल पर बढ़ाने पर फोकस करेगा, साथ ही इसकी भारतीय जड़ों को भी बनाए रखेगा। यह भी कहा कि अपनी विरासत को द एस्टी लॉडर कंपनीज की ऑपरेशनल ताकत के साथ मिलाकर, हमारे पास इस ज्ञान को ग्लोबल ऑडियंस तक पहुंचाने का मौका है।
कंपनी के मुताबिक, फॉरेस्ट एसेंशियल्स की नेट सेल्स लो डबल-डिजिट रेट से बढ़ने का अनुमान है। एस्टी लॉडर ने कहा कि इस ब्रांड के उसके साथ आने से भारत के तेजी से बढ़ते प्रेस्टीज ब्यूटी मार्केट में उसकी जगह मजबूत होगी। साथ ही देश उसका सबसे बड़ा उभरता हुआ मार्केट बन जाएगा। कंपनी अभी भारत में स्किनकेयर, मेकअप, फ्रेगरेंस और हेयरकेयर में 14 ब्रांड चलाती है।