देश के निजी सेक्टर में भारी निवेश करने वाली टाइगर ग्लोबल मैनेजमेंट (Tiger Global Management) ने इस महीने किसी भी भारतीय स्टार्टअप में निवेश नहीं किया है। स्टार्टअप इकोसिस्टम के हिसाब से भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा मार्केट है लेकिन टाइगर ग्लोबल मैनेजमेंट के इस रवैये से फंडिंग विंटर के बुरे होने के संकेत मिल रहे हैं। यह दो साल में पहली बार है जब टाइगर ग्लोबल ने किसी महीने में किसी भी भारतीय स्टार्टअप में पैसा नहीं लगाया है। इससे पहले जनवरी 2021 में भी ऐसा ही हुआ था। दिग्गज अमेरिकी हेज फंड टाइगर ग्लोबल ने पिछले साल जनवरी 2022 में नौ फंडिंग राउंड में हिस्सा लिया था।
विदेशों में क्या रहा रुझान
इस महीने टाइगर ग्लोबल ने भारत में किसी भी फंडिंग राउंड में हिस्सा नहीं लिया। हालांकि भारत से बाहर अमेरिकी हेज फंड ने जनवरी 2023 में दो फंडिंग राउंड में हिस्सा लिया था। पिछले साल जनवरी 2022 में टाइगर ग्लोबल ने दुनिया भर में 49 और जनवरी 2021 में 17 फंडिंग राउंड में हिस्सा लिया था। दिसंबर तिमाही में टाइगर ग्लोबल ने सिर्फ चार डील फाइनल किया था। पिछले साल 2022 में टाइगर ग्लोबल 50 और उसके पिछले साल 2021 में 63 फंडिंग राउंड में शामिल हुई थी।
भारत में जमकर निवेश किया है Tiger Global ने
टाइगर ग्लोबल ने भारत में जमकर पैसे लगाया हुआ है। अमेरिकी हेज फंड ने देश के 107 यूनीकॉर्न में से 40 में निवेश किया हुआ है।
हालांकि अब स्टार्टअप्स बुरे दौर में चल रहे हैं तो इसने निवेश का आक्रामक रुख छोड़कर फैसले लेने में सावधानी बरतने लगी है। पिछले साल 2022 में टाइगर ग्लोबल ने भारत में सालाना आधार पर 20 फीसदी कम स्टार्टअप्स में पैसा लगाया। हालांकि वैल्यू के हिसाब से यह गिरावट अधिक बड़ी है क्योंकि टाइगर ग्लोबल ने पिछले साल भारत में 70 फीसदी कम निवेश किया। हालांकि मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक टाइगर ग्लोबल ने भारतीय स्टार्टअप में अपने नए 600 करोड़ डॉलर के फंड के जरिए भारतीय स्टार्टअप में भारी निवेश का प्लान बनाया हुआ है।