Toyota इलेक्ट्रिक कार (EV) बाजार को अपनी रणनीति में बदलाव करने के बारे में सेच रहा है। तेजी से बढ़ते इस मार्केट में एंट्री के लिहाज से पहले ही टोयोटा पहले से ही थोड़ी सुस्त रही है। कंपनी का मानना है कि इस मार्केट में पैठ बनाने के लिए उसे Tesla जैसी दिग्गज कंपनियों से मुकाबला करना होगा। टोयोटा ने फिलहाल अपने प्रोजेक्ट्स पर काम रोक दिया है। कंपनी के इस प्लान से जुड़े चार लोगों ने इस बारे में बताया। टोयोटा जापान की कंपनी है। यह दुनिया में कार बनाने वाली सबसे बड़ी कंपनियों में शामिल है।
अभी Tesla इलेक्ट्रिक कार बनाने वाली दुनिया की सबसे बड़ी कंपनी है। दुनिया के सबसे अमीर शख्स Elon Musk इस कंपनी के सीईओ हैं। यह अमेरिकी कंपनी चीन सहित दुनिया के कई हिस्सों में इलेक्ट्रिक कार के अपने बिजनेस का विस्तार कर रही है।
टोयोटा का ईवी प्लान पिछले साल के उसके प्लान के मुकाबले काफी आक्रामक होगा। पिछले साल कंपनी ने ईवी मार्केट में पैठ बनाने के लिए 38 अरब डॉलर के प्लान का ऐलान किया था। टोयोटा में एक वर्किंग ग्रुप को नया प्लान तैयार करने की जिम्मेदारी दी गई है। यह ग्रुप अगले साल की शुरुआत तक अपना प्लान पेश कर देगा।
इस बीच टोयोटा ने पिछले साल दिसंबर के अपने 30 ईवी प्रोजेक्ट्स में से कुछ पर काम रोक दिया है। इनमें टोयोटा कॉम्पैक्ट क्रूजर क्रॉसओवर और बैटरी-इलेक्ट्रिक क्राउन शामिल हैं। कंपनी ने कहा है कि वह कार्बन न्यूट्रल गाड़ियां पेश करने को लेकर प्रतिबद्ध है। लेकन, कंपनी ने इस बारे में अपनी तैयारी के बारे में बताने से इनकार कर दिया।
रायटर्स के एक सवाल के जवाब में कंपनी ने कहा, "कार्बन न्यूट्रलिटी हासिल करने के लिए टोयोटा की अपनी टेक्नोलॉजी के साथ पाटर्नर्स और सप्लायर्स के साथ मिलकर काम करना जरूरी है। हम ऐसा कर रहे हैं।" इस बारे में जानकारी देने वाले चार सूत्रों ने अपने नाम जाहिर नहीं करने की गुजारिश की।
ईवी मार्केट के लिए रणनीति में बदलाव करने की वजह से नए मॉडल आने में थोड़ी देर हो सकती है। लेकिन, इससे टोयोटो का बेहतर मैन्युफैक्चरिंग प्रोसेस के साथ दूसरी कंपनियों का मुकाबला करने में मदद मिलेगी। इसके अलावा कंपनी इनवेस्टर्स और पर्यावरणविदों की चिंता को दूर करने में भी कामयाब रहेगी। टोयोटा को पर्यावरण की चिंता करने वाली कंपनी माना जाता रहा है। लेकिन, ईवी सेगमेंट को लेकर कंपनी की तरफ से दिखाई गई सुस्ती की वजह से इसे आलोचना का सामना करना पड़ा है।