अमेरिका के केंद्रीय बैंक ने बुधवार को लगातार तीसरी बार ब्याज दरों में इजाफा किया। यूएस फेडरल रिजर्व ने ब्याज दरों में 0.75 फीसदी का बढ़ोतरी का ऐलान किया। साथ ही 2023 तक ब्याज दरों के 4.6 फीसदी तक जाने का अनुमान जताया। दरअसल अमेरिका में महंगाई पिछले 40 सालों के अपने सबसे ऊंचे स्तर पर है, जिसे काबू में करने के लिए फेडरल रिजर्व लगातार ब्याज दरों में बढ़ोतरी कर रहा है।
वॉशिगंटन में दो-दिवसीय बैठक खत्म होने के बाद, फेडरल ओपन मार्केट कमिटी ने फिर से दोहराया कि वह महंगाई से जुड़े जोखिमों को लेकर बेहद चौकस हैं। केंद्रीय बैंक ने यह भी दोहराया कि 'उम्मीद है कि आने वाले समय में ब्याज दरों में बढ़ोतरी टारगेट रेंज के भीतर रहेगी।' साथ ही उसने महंगाई को 2 फीसदी पर लाने के अपने उद्देश्य के प्रति से फिर से प्रतिबद्धता जताई।2
यूएस फेडरल रिजर्व के चेयरमैन जेरोम पॉवेल (Jerome Powell) ने बैठक खत्म होने के बाद मीडिया को ब्याज दरों में बढ़ोतरी के फैसले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ब्याज दरों में बढ़ोतरी का फैसला एकमत से लिया गया है और इसके साथ ही अब केंद्रीय बैंक का बेंचमार्क फंड रेट बढ़कर 3% से 3.25% के रेंज में पहुंच गया है।
यह 2008 के वित्तीय संकट के बाद से अब तक का सबसे ऊंचा स्तर है। यह भी दिलचस्प है कि साल 2022 की शुरुआत में यह रेट शून्य फीसदी था। हालांकि इसके बाद ग्लोबल लेवल पर आई महंगाई ने यूएस फेड को अपनी ब्याज दरों में आक्रामक तरीके से बढ़ोतरी के मजबूर कर दिया।
नवंबर में फिर 0.75% बढ़ेगी ब्याज दर
जेरोम पॉवेल ने बताया कि फेडरल रिजर्व आगे भी ब्याज दरों में बढ़ोतरी कर सकता है। कमेटी के सदस्यों ने इस साल के अंत तक ब्याज दर के 4.4% और साल 2023 के अंत तक 4.6% फीसदी पर पहुंचने की उम्मीद जताई। इससे संकेत मिलता है कि फेडरल रिजर्व नवंबर में होने वाली बैठक में एक बार फिर से ब्याज दरों में 0.75 फीसदी की बढ़ोतरी कर सकता है।
फेड रेट हाइक से पहले भारतीय बाजार लुढ़के
इससे पहले भारतीय इक्विटी बाजार ने बुधवार को दो दिन की अपनी बढ़त का सिलसिला तोड़ दिया। बाजार अत्यधिक उतार-चढ़ाव भरे सत्र में गिरावट के साथ बंद हुआ और आज रात में ब्याज दरों पर यूएस फेड पॉलिसी बैठक के परिणाम का बाजार इंतजार करता हुआ नजर आया। जिसके कारण निवेशक सतर्क नजरिये के साथ कारोबार करते दिखे।
आज सेंसेक्स 263 प्वाइंट गिरकर 59,457 पर बंद हुआ। जबकि निफ्टी 98 प्वाइंट गिरकर 17,718 पर बंद हुआ । वहीं निफ्टी बैंक की बात करें तो आज निफ्टी बैंक 265 प्वाइंट गिरकर 41,203 पर बंद हुआ। आज सबसे ज्यादा गिरावट मेटल, इंफ्रा, एनर्जी, फार्मा शेयरों में देखी गई। वहीं FMCG शेयरों में लगातार तीसरे दिन बढ़त देखने को मिली।