पश्चिम बंगाल (West Bengal) की ममता सरकार (Mamata Banerjee Government) ने वर्ल्ड बैंक (World Bank) से 1,000 करोड़ रुपये का लोन लेने का फैसला किया है। वर्ल्ड बैंक ने भी इस लोन राशि को मंजूरी दे दी है। पश्चिम बंगाल सरकार ने एक बयान में कहा कि यह लोन गरीब और वंचित तबकों की सामाजिक सुरक्षा सेवाओं तक पहुंच बढ़ाने के लिए दिया गया है।
पश्चिम बंगाल सरकार ने शनिवार को जारी एक बयान में बताया कि वर्ल्ड बैंक से मिले लोन का इस्तेमाल टेलीमेडिसीन के जरिए चिकित्सा सहायता मुहैया कराने, बुजुर्गों और दिव्यांगों की मदद करने, डिजिटल भुगतान के जरिए लोगों के फाइनेंशियल सिस्टम से जोड़ने और सरकारी योजनाओं सेवाओं को बेहतर बनाने में किया जाएगा।
इस बयान के मुताबिक, "वर्ल्ड बैंक ने पश्चिम बंगाल सरकार के लिए 12.5 करोड़ डॉलर (करीब 1,000 करोड़ रुपये) के लोन को 19 जनवरी को मंजूरी दी है।" इस लोन से राज्य में गरीबों और वंचित समूहों को सामाजिक सुरक्षा वाली योजनाओं का लाभ दिलाने की कोशिश की जाएगी।
ममता बनर्जी सरकार ने पश्चिम बंगाल में समाज के वंचित समूहों के लिए एक समाजिक पेंशन स्कीम शुरू की है। लोन की रकम का इस्तेमाल इस पेंशन को देने में किया जाएगा। बयान में कहा गया है कि ममता बनर्जी सरकार 400 से अधिक कार्यक्रम चलाती है जो सामाजिक सहायता, सुरक्षा, देखभाल सेवाएं और रोजगार प्रदान करती है।