दुनिया की सबसे बड़ी क्रिप्टोकरेंसी बिटकॉइन (Bitcoin) की कीमतों में पिछले साल नवंबर से जो गिरावट का दौर शुरू हुआ, वह रुकने का नाम ही नहीं ले रहा है। नवबंर 2021 में Bitcoin की कीमते 69,000 डॉलर के करीब पहुंच गई थीं, जो इसका अब तक ऑल टाइम हाई प्राइस है। तब से अब तक इसमें करीब 50 फीसदी की गिरावट आ चुकी है।
Bitcoin की कीमत में इस भारी गिरावट से उसका मार्केट वैल्यू करीब 600 अरब डॉलर घट चुका है। इसका मतलब यह है कि बिटकॉइन में निवेश करने वाले लोगों की कुल संपत्ति नवंबर से अब तक 600 अरब डॉलर घट चुकी है, या दूसरे शब्दों में कहें तो उन्हें 600 अरब डॉलर का नुकसान हो चुका है।
इतना ही नहीं, बिटकॉइन की कीमत घटने से पूरे क्रिप्टोकरेंसी मार्केट की वैल्यू करीब 1 लाख करोड़ डॉलर तक घट चुकी है। Bespoke Investment Group ने बताया कि बिटकॉइन के इतिहास में यह दूसरा मौका है, जब इसकी कीमत में इतनी बड़ी गिरावट आई है।
शनिवार को खबर लिखे जाने के समय बिटकॉइन की कीमत 7.2 फीसदी की गिरावट के साथ 34,042 डॉलर (करीब 25.33 लाख रुपये) पर कारोबार कर रही थी। वहीं दूसरी सबसे लोकप्रिय क्रिप्टोकरेंसी इथीरियम (Ether) में भी 9 फीसदी की जबरदस्त गिरावट दिखी और यह 2,11,277.4 रुपये के भाव पर कारोबार कर रही थी।
Dogecoin नौ महीने के निचले स्तर पर
अगर मीमकॉइन की बात करें तो, दुनिया की सबसे लोकप्रिय मीमकॉइन डॉजकॉइन (Dogecoin) की कीमत गिरकर 0.14 डॉलर के भाव पर आ गई। यह अप्रैल 2021 के बाद का इसका सबसे निचला स्तर है। पिछले 24 घंटों में इसमें 9 फीसदी की बड़ी गिरावट दिखी है। बीते साल जबरदस्त उछाल पाने वाली यह मीमकॉइन भी अपने पीक से 81 फीसदी नीचे आ चुकी है।