Agri-Business Idea: खेती-किसानी में किसानों को अच्छा फायदा हो रहा है। ऐसे में अमेठी जिले में खेती में किसानों को प्रगतिशील बनाने के लिए प्याज की खेती के लिए सरकार की तरफ से मदद दी जा रही है। प्याज की खेती कर आप भी अच्छा खासा मुनाफा कमा सकते हैं क्योंकि प्याज की खेती ऐसी खेती है जिसकी खपत साल के 12 महीने में होती है और प्याज की खेती में आप भी लखपति हो सकते हैं। खास बात यह है कि सरकार भी आपकी इस खेती में मदद करेगी।
प्याज की खेती मसाले की खेती के तौर पर होती है। इस खेती के लिए जनपद में 300 हेक्टेयर का लक्ष्य रखा गया है। 300 हेक्टेयर प्याज और 25 हैकटेयर मिर्ची की खेती साथ में कर सकते हैं। सीनियर हॉर्टिकल्चर इंस्पेक्टर प्रमोद कुमार यादव के मुताबिक इस खेती में किसानों को अधिक फायदा है क्योंकि इसका प्रयोग साल के 12 महीने किया जाता है और कीमत भी इसकी अच्छी मिलती है। उन्होंने कहा एक फायदा यह भी है कि किसानों को नेशनल हॉर्टिकल्चर बोर्ड से बिना पैसे के बीज मिल रहे हैं, जो प्रमाणित होते हैं और इसकी पैदावार भी अच्छी होती है।
कोई भी किसान कर सकता है आवेदन
प्याज की खेती के लिए सरकार से अनुदान के लिए कोई भी किसान आवेदन कर सकता है। इसके लिए कुछ जरूरी कागजातों का इंतजाम करना पड़ेगा। अनुदान के लिए किसानों को आधार कार्ड, पैन, बैंक पासबुक, खतौनी, मोबाइल नंबर के साथ हॉर्टिकल्चर ऑफिस जाकर आवेदन करना होगा। आवेदन के बाद काइन डीपीटी के जरिए किसानों को बिना पैसे के बीज उपलब्ध कराया जाएगा।