क्या क्रूड ऑयल की कीमतें अपने सबसे निचले स्तर पर आ गई हैं?

पिछले कुछ हफ्तों में क्रूड ऑयल में बड़ी गिरावट आई है। इसकी वजह अमेरिका-ईरान में डील है। इस डील की वजह से स्ट्रेट ऑफ होर्मुज खुल गया है, जिससे ऑयल टैंकर्स की आवाजाही शुरू हो गई है। इससे क्रू़ड की सप्लाई बढ़ी है और कीमतें गिरी हैं

अपडेटेड Jul 02, 2026 पर 7:41 PM
यूएस डब्ल्यूटीआई क्रूड का भाव गिरकर 68 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया है।

क्रूड ऑयल की कीमतों में बीते कुछ हफ्तों में तेज गिरावट आई है। यूएस डब्ल्यूटीआई क्रूड का भाव गिरकर 68 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया है। इसकी वजह अमेरिका-ईरान में डील है। इस डील की वजह से स्ट्रेट ऑफ होर्मुज खुल गया है, जिससे ऑयल टैंकर्स की आवाजाही शुरू हो गई है। इससे क्रू़ड की सप्लाई बढ़ी है और कीमतें गिरी हैं।

स्ट्रेटेजिक रिजर्व भरने पर बढ़ेगा फोकस

एक्सपर्ट्स का कहना है कि क्रूड में गिरावट सीमित रह सकती है। इसकी वजह यह है कि दुनिया के कई देशों का स्ट्रेटेजिक ऑयल रिजर्व काफी घट गया है। अब फोकस इस रिजर्व को फिर से पहले के लेवल पर पहुंचाने पर होगा। इससे क्रूड की कीमतों में ज्यादा गिरावट का अनुमान नहीं है।


कीमतों की दिशा के बारे में अभी ठोस संकेत नहीं

चॉइस ब्रोकिंग में टेक्निकल रिसर्च के कमोडिटी और करेंसी एनालिस्ट आमिर माकदा के मुताबिक, तकनीकी रूप से क्रूड की कीमतों के बॉटम यानी सबसे निचले स्तर के बारे में अभी कुछ कहना जल्दबाजी होगी। उन्होंने कहा, "चार्ट अभी पॉजिटिव रिवर्सल या शॉर्ट कवरिंग का संकेत नहीं दे रहा है। इसलिए यह कहना जल्दबाजी होगी कि मार्केट को क्रूड का बॉटम मिल गया है।"

डब्ल्यूटीआई क्रूड के लिए 65 डॉलर पर सपोर्ट

उन्होंने कहा कि क्रू़ड ऑयल में बीते महीनों में उछाल की मुख्य वजह इसकी सप्लाई में कमी थी। स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से ऑयल टैंकर्स की आवाजाही नहीं होने की वजह से क्रूड ऑयल की कमी हो गई थी। अब स्थिति बदल गई है। उन्होंने कहा कि WTI Crude के लिए अगला सपोर्ट 65 डॉलर प्रति बैरल पर है। इस लेवल के टूटने पर बेयरिश मोमेंटम दिख सकता है।

यूएस-ईरान की लड़ाई से पहले के स्तर पर आई कीमतें

क्रूड की कीमतों की दिशा को लेकर एक्सपर्ट्स की एक राय नहीं है। ट्रेडबुल्स सिक्योरिटीज के भाविक पटेल ने कहा कि अभी क्रूड की कीमतों के बॉटम के बारे में कुछ कहना मुश्किल है। हालांकि, कीमत गिरकर अमेरिका-ईरान की लड़ाई के पहले के स्तर पर आ गई है। लेकिन, क्रूड की सप्लाई सामान्य होने को लेकर बाजार की उम्मीद ज्यादा आशावादी लगती है।

यह भी पढ़ें: Petrol Diesel Price: क्या सस्ते होने वाले हैं पेट्रोल-डीजल? पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी का आया बड़ा बयान

यूएस स्ट्रेटेजिक रिजर्व 1983 के बाद के सबसे निचले स्तर पर

माकदा का कहना है कि अमेरिका-ईरान में लड़ाई की वजह से क्रूड की ग्लोबल इनवेंट्री में काफी कमी आई है। OECD कमर्शियल फ्यूल इनवेंट्रीज गिरकर 2003 के बाद के सबसे निचले स्तर पर आ गई है। यूएस स्ट्रेटेजिक पेट्रोलियम रिजर्व (SPR) भी 1983 के बाद अपने सबसे निचले स्तर पर आ गया है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।