LPG Price Today: देशभर में घरेलू और कमर्शियल LPG सिलेंडर के उपभोक्ताओं के लिए राहत की खबर है। सरकारी तेल कंपनियों ने मंगलवार (14 जुलाई) को भी 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू LPG सिलेंडर के दामों में कोई नई बढ़ोतरी नहीं की है। जून में हुई ₹29 प्रति सिलेंडर की वृद्धि के बाद कीमतें फिलहाल स्थिर बनी हुई हैं। हालांकि, 1 जुलाई को 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमत में 183.50 रुपये की कटौती की गई थी, जिससे होटल, रेस्तरां और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को बड़ी राहत मिली है।
इन कारणों से बदलते हैं दाम
तेल कंपनियां (इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम) आमतौर पर हर महीने की पहली तारीख को LPG सिलेंडर की कीमतों में बदलाव करते हैं। इसके बाद अंतरराष्ट्रीय एलपीजी कीमतों, डॉलर-रुपये की विनिमय दर और दूसरे लागतों को देखते हुए नई दरें लागू की जाती हैं।
आप Indane, Bharat Gas या HP Gas की ऑफिशियल वेबसाइट या मोबाइल ऐप पर जाकर अपने शहर का लेटेस्ट LPG रेट देख सकते हैं। गैस बुकिंग के समय भी अपडेटेड कीमत दिखाई जाती है।
क्यों स्थिर हैं घरेलू दाम?
तेल कंपनियों ने जून में अंतरराष्ट्रीय LPG कीमतों और पश्चिम एशिया में तनाव के कारण घरेलू सिलेंडर महंगा किया था। फिलहाल सरकार और कंपनियों ने घरेलू उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त बोझ नहीं डालने का फैसला किया है। इसलिए जुलाई संशोधन में कोई नई बढ़ोतरी नहीं की गई।
अगले महीने बढ़ सकते हैं दाम?
फिलहाल, घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतें पहले जैसी ही बनी हुई हैं, जिससे आम उपभोक्ताओं को अभी किसी अतिरिक्त खर्च का सामना नहीं करना पड़ेगा। हालांकि, अगले महीने अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा बाजार के रुख और सरकार की नियमित समीक्षा के बाद एलपीजी की कीमतों में बढ़ोतरी या कटौती की घोषणा की जा सकती है।