सोने और चांदी में सोमवार को तेजी दिखी। कमोडिटी एक्सचेंज एमसीएक्स में सोने का भाव 0.8 फीसदी चढ़कर दिन में 11:30 बजे 53,434 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। चांदी का भाव 1.07 फीसदी की जबर्दस्त तेजी के साथ 69,784 रुपये प्रति 10 ग्राम पर था। अंतरराष्ट्रीय बाजार में गोल्ड और सिल्वर में मजबूती है। इसका असर घरेलू बाजार में इनकी कीमतों पर पड़ा है।
यूक्रेन क्राइसिस और इनफ्लेशन में उछाल के चलते अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने और चांदी की कीमतों को सपोर्ट मिल रहा है। गोल्ड का स्पॉट प्राइस 0.5 फीसदी बढ़कर 1,984.58 डॉलर प्रति औंस पहुंच गया। यह 14 मार्च के बाद सबसे ज्यादा प्राइस है। उधर, चांदी का स्पॉट प्राइस 0.7 फीसदी की मजबूती के साथ 25.87 डॉलर प्रति औंस रहा।
रूस पर और प्रतिबंध लगने की उम्मीद है। प्रतिबंद के दायरे में एनर्जी आने के अनुमान से ऑयल में तेजी है। इसका असर दूसरी चीजों की कीमतों पर भी पड़ रहा है। इससे इनवेस्टमेंट के सुरक्षित विकल्प के रूप में सोने की मांग बढ़ रही है। दुनिया में राजनीतिक या आर्थिक अनिश्चितता की स्थिति में सोने की चमक बढ़ जाती है।
एक्सपर्ट्स का कहना है कि सोने के लिए 1956-1940 डॉलर प्रति औंस पर सपोर्ट है। 1984-2000 डॉलर पर इसे रेसिस्टेंस का सामना करना पड़ेगा। सिल्वर को 25.40 से 25.10 डॉलर प्रति औंस पर सपोर्ट मिलेगा। इसे 25.95-26.10 डॉलर पर रेजिस्टेंस का सामना करना पड़ेगा।
शुक्रवार को सर्राफा बाजार में सोने और चांदी में तेजी आई थी। सोने का भाव 220 रुपये बढ़कर 54,060 रुपये प्रति 10 ग्राम पहुंच गया था। चांदी का भाव 700 रुपये उछलकर 70,000 रुपये प्रति किलग्राम था।