पिछले कुछ महीनों में सोने की कीमतें (Gold Prices) सीमित दायरे में रही हैं। गोल्ड की इंटरनेशनल कीमतें करीब 1,700 डॉलर प्रति औंस रही हैं। वैश्विक अर्थव्यवस्था को लेकर चिंता और यूक्रेन-रूस के बीच लड़ाई की वजह से आगे स्थिति कैसी रहेगी, इसका अंदाजा लगाना मुश्किल है। फिलहाल, सोने की कीमतों पर दो चीजों का असर पड़ रहा है। पहला, मॉनेटरी पॉलिसी (Monetary Policy) और दूसरा इनफ्लेशन (Inflation)। इधर, दिवाली (Diwali) करीब आ गई है। इंडिया में दिवाली और धनतेरस पर सोना खरीदना शुभ माना जाता है।
अमेरिका में फेडरल रिजर्व (Federal Reserve) लगातार इंटरेस्ट रेट बढ़ा रहा है। इसकी वजह यह है कि अमेरिका में इनफ्लेशन बहुत बढ़ गया है। अगस्त में अमेरिका में इनफ्लेशन 8.3 फीसदी था। हालांकि, यह जून और जुलाई के इनफ्लेशन से कम है। लेकिन अब भी अमेरिकी केंद्रीय बैंक के टारगेट से बहुत ज्यादा है। अगर फेडरल रिजर्व की सख्त मौद्रिक पॉलिसी की वजह से इनफ्लेशन काबू में आ जाता है तो सोने की कीमतों में गिरावट आ सकती है। इसकी वजह यह है कि तब इनवेस्टर्स शेयरों जैसे रिस्की एसेट्स में पैसे लगाना पसंद करेंगे।
अगर दुनिया में मदी का खतरा बढ़ता है तो सोने की चमक बढ़ सकती है। आम तौर पर मंदी के दौरान सोने का प्रदर्शन अच्छा रहता है। इसकी वजह यह है कि पैसा शेयरों जैसे रिस्की एसेट्स से निकलकर सोने जैसे सुरक्षित निवेश माध्यम में आता है। अगर अमेरिका में मंदी नहीं आती है तो भी अमेरिका में जल्द इनफ्लेशन कम होने वाला नहीं है। इकोनॉमिक ग्रोथ भी औसत से कम रहेगी। इससे सोने की कीमतों में तेजी आ सकती है।
इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (आईबीजेए) की वेबसाइट के अनुसार, सर्राफा बाजार में बीते हफ्ते (8 अक्टूबर को खत्म हफ्ते में) सोने के भाव में करीब 1400 रुपए प्रति दस ग्राम की तेजी आई है। हालांकि, इस हफ्ते गोल्ड प्राइसेज पर थोड़ा दबाव दिख रहा है। सोमवार (10 अक्टूबर) को दिल्ली सर्राफा बाजार में सोने का भाव 543 रुपये गिरकर 51,625 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। मंगलवार को भी एमसीएक्स में सोने वायदा पर थोड़ा दबाव देखने को मिला।
लेकिन, पिछले हफ्ते सोने का भाव 52,168 रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गया था। एक्सपर्ट्स का कहना है कि अगले कुछ हफ्तों में सोने में तेजी का रुख जारी रह सकता है। दिवाली तक इसके भाव 53,000 रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच सकता है। इसलिए अगर आप दिवाली पर सोना खरीदने का प्लान बना रहे हैं तो आप अभी इसे खरीद सकते हैं। दो हफ्ते बाद इसे खरीदने के लिए आपको ज्यादा कीमत चुकानी पड़ सकती है।