Gold and silver prices today : रूस-यूक्रेन क्राइसिस (Russia-Ukraine crisis) से जुड़े नए घटनाक्रमों के चलते भारतीय बाजारों में सोमवार को सोने और चांदी की कीमतों में तेजी देखने को मिल रही है। एमसीएक्स (MCX) पर गोल्ड फ्यूचर्स (gold futures) 1.5 फीसदी की मजबूती के साथ 50,990 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर पहुंच गया, जबकि सिल्वर फ्यूचर्स 1.5 फीसदी की बढ़त के साथ 65,869 रुपये प्रति किग्रा पर बना हुआ है।
रिस्क सेंटीमेंट के चलते सोने को मिल रहा सपोर्ट
ग्लोबल मार्केट में, पश्चिम देशों द्वारा यूक्रेन पर हमले को लेकर रूस पर कड़े प्रतिबंध लगाए जाने के बाद रिस्क सेंटीमेंट के चलते सोने की कीमतों में मजबूती बनी हुई है। सोने की कीमतें 1 फीसदी से ज्यादा की मजबूती के साथ 1,909.89 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गईं, जिससे इस महीने सोना 6 फीसदी से ज्यादा मजबूत हो चुका है।
हेजिंग के लिए अच्छा ऑप्शन है सोना
महंगाई के खिलाफ हेज और वित्तीय और राजनीतिक अनिश्चितता के दौर में वैल्थ की सुरक्षा के साधन के रूप में सोने का इस्तेमाल किया जाता है।
अमेरिका और यूरोप ने शनिवार को अपने सबसे बड़े आर्थिक रूप में रूसी बैंकों पर मुख्य ग्लोबल पेमेंट सिस्टम स्विफ्ट (SWIFT) के इस्तेमाल से प्रतिबंधित कर दिया। इस बीच, रूसी सेंट्रल बैंक ने घोषणा की कि वह फिर से घरेलू बाजार से सोने की खरीद शुरू करेगा।
रुपये पर दबाव से भी सोने को सपोर्ट
मिलवुड केन इंटरनेशनल के निश भट्ट ने कहा, “वर्तमान में, सोने को अंतर्राष्ट्रीय के साथ ही स्थानीय घटनाक्रमों से भी सपोर्ट मिला है। जिओपॉलिटिकल टेंशन (geopolitical tensions) के चलते सोने की कीमतें एक साल से ज्यादा के उच्चतम स्तर पर पहुंच गई हैं। ऐतिहासिक रूप से अनिश्चितता के दौर में अपने सेफ हैवन नेचर के कारण सोने में निवेश बढ़ जाता है। यूक्रेन के हालात को देखते हुए क्रूड की कीमतों में भी तेजी आई है। तेल की कीमतों में आई रैली से भारतीय रुपये पर दबाव है, जिससे सोना ज्यादा महंगा हो रहा है।”
उन्होंने कहा, “आगे, यूक्रेन से जुड़े घटनाक्रम और फेड के कदमों से ज्यादातर एसेट क्लास को दिशा मिलेगी। लेकिन भारत मे क्रूड की कीमत और महंगाई में बढ़ोतरी से भारतीय रुपये पर दबाव बढ़ेगा और शॉर्ट से मीडियम टर्म में सोने की कीमतों को सपोर्ट मिलेगा।”