Bharti Airtel ने एलान किया है कि वह Vodafone Plc से Indus Tower में उसकी 4.7 फीसदी हिस्सेदारी का अधिग्रहण करेगी। दूसरी तरफ भारती एयरटेल ने वित्त वर्ष 2022 के 9 महीनों में अपनी बाजार हिस्सेदारी जोरदार तरीके से बढ़ाई है। भारती एयरटेल की वित्त वर्ष 2022 की तीसरी तिमाही के ट्राई द्वारा जारी सब्सक्राइबर आंकड़ों के मुताबिक तीसरी तिमाही में कंपनी के बाजार हिस्सेदारी में जोरदार बढ़ोतरी देखने को मिली है।
इन अच्छी खबरों के चलते एनालिस्ट ने Bharti Airtel में Buy रेटिंग बनाए रखी है। एनालिस्ट का कहना है कि Bharti Airtel और Reliance Jio के सब्सक्राइबर आंकड़ों से पता चलता है कि तीसरी तिमाही में इन दोनों कंपनियों को मुख्यत: A और B सर्किल में नए सब्सक्राइबर जोड़ने में बढ़ी सफलता हासिल हुई है। इन दोनों कंपनियों के कमाई में A और B सर्कल का 70 फीसदी से ज्यादा का योगदान है।
जैफरीज ने अपने एक नोट में कहा कि मेट्रोज और A सर्किल में भारती एयरटेल के सब्सक्राइबर बेस में वित्त वर्ष 2022 के 9 महीने में 2-3.6 फीसदी की बढ़ोतरी देखने को मिली है। खास बात यह है कि वित्त वर्ष 2022 की तीसरी तिमाही में भारती एयरटेल मेट्रो शहरों में रिलायंस जियो से मार्केट लीडरशिप हथियाने में कामयाब रही है।
जैफरीज ने अपने इस रिपोर्ट मे आगे कहा है कि पिछले 3 महीनों के दौरान वोडाफोन इंडिया के मार्केट शेयर में स्थिरता रही है। इस रिपोर्ट में यह भी कहा है कि नियरटर्म में मार्केट शेयर में कोई बहुत बड़ा उलटफेर होने की संभावना नहीं है ऐसे में कंपनियों की ग्रोथ टैरिफ में होने वाली बढ़ोतरी पर निर्भर करेगी।
हाल ही में भारती और जियो इस दिशा में कुछ करते भी नजर आए है। ऐसे में जैफरीज की Bharti Airtel में Buy रेटिंग बनाए रखते हुए 910 रुपये के लक्ष्य के लिए खरीदारी की सलाह है।
एक और ब्रोकरेज फर्म मोतीलाल ओसवाल का कहना है कि आगे कंपनी के भारतीय और अफ्रीकी दोनों कारोबार की री-रेटिंग होती नजर आ सकती है। मोतीलाल ओसवाल की इस स्टॉक में 910 रुपये के लक्ष्य के लिए खरीदारी करने की सलाह है।