Gold and silver Rates Today : वैश्विक कीमतों में नरमी के चलते घरेलू बाजारों में सोमवार को सोने और चांदी की कीमत पर दबाव बना हुआ है। MCX पर गोल्ड फ्यूचर्स (gold futures) 0.24 फीसदी कमजोर होकर 51,750 रुपये प्रति 10 ग्राम पर, वहीं सिल्वर फ्यूचर्स 0.4 फीसदी गिरावट के साथ 68,550 रुपये प्रति किग्राम पर बना हुआ है।
भारत में पिछले हफ्ते 1 फीसदी मजबूत हुआ सोना
ग्लोबल मार्केट की बात करें तो अमेरिकी डॉलर में मजबूती, सेफ हैवन डिमांड में कमी के कारण हाजिर सोना (Spot gold) 0.6 फीसदी की गिरावट के साथ 1,947.04 डॉलर प्रति औंस पर आ गया।
यूक्रेन युद्ध के चलते कीमती धातुओं के प्रति सेफ हैवन अपील बढ़ने से अंतर्राष्ट्रीय बाजारों में सोने में पिछले हफ्ते 1.9 फीसदी की मजबूती दर्ज की गई, वहीं भारत में इस दौरान 1 फीसदी की मजबूती रही।
अभी तक सीमित रही है गिरावट
भले ही सोना अपने हाल के उच्च स्तर से नीचे है, लेकिन यूक्रेन युद्ध (Ukraine war) और बुलियन बैक्ड ईटीएफ में पूंजी का प्रवाह बने रहने से गिरावट सीमित रही है। एक्सचेंज ट्रेडेड फंड्स (exchange-traded funds) में होल्डिंग लगातार 10वें हफ्ते बढ़ोतरी दर्ज की गई। युद्ध और प्रतिबंधों के चलते कमोडिटीज की कीमतें बढ़ने से पैदा महंगाई के दबाव के बीच इनवेस्टर्स इसकी होल्डिंग से फायदे की उम्मीद कर रहे हैं। भारत में सोना पिछले महीने 55,600 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर पहुंच गया था।
इसके अलावा, यूक्रेन और रूस के बीच इस सप्ताह फिर से बातचीत शुरू होने की उम्मीद है। आज शंघाई में लॉकडाउन के चलते हॉन्गकॉन्ग और चीन में सुस्ती रहने से एशियाई इक्विटी बाजार कमजोर रहे।
सोने को 51,480 रुपये पर सपोर्ट
मेहता इक्विटीज के वीपी (कमोडिटीज) राहुल कलंत्री ने कहा, रूस-यूक्रेन के बीच 29-30 मार्च को बातचीत के नए राउंड से पहले सोने और चांदी में कुछ दबाव रह सकता है। सोने को घरेलू बाजार में 51,680-51,480 रुपये पर सपोर्ट, जबकि 52,100-52,180 रुपये पर रेजिस्टैंस है। वहीं चांदी को 68,240-67,980 रुपये पर सपोर्ट, जबकि 69,280-69,880 रुपये पर रेजिस्टैंस है।