सोने की कीमतों में थोड़ी नरमी आने के बाद भारत में इस हफ्ते फिजिकल गोल्ड की मांग बढ़ी है। मांग बढ़ने के साथ ही गोल्ड डीलर्स की सोने की आधिकारिक घरेलू कीमत के ऊपर दिया जाने वाला डिस्काउंट भी घटा है। न्यूज एजेंसी रायटर्स ने शुक्रवार को एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी है।
रिपोर्ट के मुताबिक, भारत में गोल्ड डीलर्स इस हफ्ते सोने पर करीब 28 डॉलर (करीब 2200 रुपये) प्रति औंस तक का डिस्काउंट ऑफर कर रहे हैं, जबकि पिछले हफ्ते वह करीब 40 डॉलर (करीब 3100 रुपये) प्रति औंस तक का डिस्काउंट दे रहे थे।
एक प्राइवेट बुलियन इंपोर्टिंग बैंक से जुड़े मुंबई के एक गोल्ड डीलर ने बताया, "ड्यूटी में बढ़ोतरी के बाद कुछ दिनों के लिए सोने की खरीदारी लगभग बंद हो गई थी। लेकिन ग्लोबल लेवल पर सोने की कीमतों में गिरावट आने के बाद एक फिर से मांग में सुधार हुआ है।"
भारत में सोने की घरेलू कीमत शुक्रवार को 50,700 रुपये प्रति 10 ग्राम रही, जो सोमवार को 52,300 रुपये प्रति 10 ग्राम था। बता दें कि भारत में सोने पर 15 फीसदी इंपोर्ट ड्यूटी और 3 फीसदी जीएसटी लगता है। डीलर्स इस टैक्स की रकम को जोड़कर डिस्काउंट ऑफर करते हैं।
नई दिल्ली के एक बुलियन डीलर ने बताया कि ग्लोबल लेवल पर कीमतों में भारी उतार-चढ़ाव और रुपये में गिरावट को देखते हुए कई खरीदार अपनी खरादीरी टाल रहे हैं।
इस बीच HDFC सिक्योरिटीज ने बताया दिल्ली सर्राफा बाजार में शुक्रवार को सोने का भाव 97 रुपये की तेजी के साथ 50,613 रुपये प्रति 10 ग्राम रहा। हालांकि, चांदी की कीमत 303 रुपये की गिरावट के साथ 56,540 रुपये प्रति किलोग्राम रह गई। पिछले कारोबारी सत्र में चांदी 56,843 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना तेजी के साथ 1,742 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था जबकि चांदी 19.20 डॉलर प्रति औंस पर स्थिर रही। HDFC सिक्योरिटीज के सीनियर एनालिस्ट (कमोडिटी) तपन पटेल ने कहा, "वैश्विक बाजारों से मिले जुले संकेतों और अमेरिकी बांड यील्ड में कमी से सोने की कीमतों में गिरावट पर विराम लगा।"