फेड के फैसले से पहले अंतराष्ट्रीय बाजारों में सोना 29 महीने के निचले स्तरों पर पहुंच गया है । वहीं भारतीय बाजारों में भी आज सोने की गिरावट देखने को मिल रही है। MCX पर सोना 8 महीनों के नीचे फिसला है। बता दें कि आज अमेरिका में ब्याज दरें बढ़ सकती हैं। फेड ब्याज दरों में 0.75-1% की बढ़ोतरी कर सकता है। जिसका असर सोने की कीमतों पर भी देखने को मिल रहा है।
गौरतलब है कि सोने में आई यह गिरावट कई फैक्टर्स पर आधारित है। फेड की दरें बढ़ाने की संभावना और रुपये के मुकाबले डॉलर में आई मजबूती के चलते सोने की कीमतों में गिरावट आई है। डॉलर 20 सालों की नई ऊंचाई पर पहुंच गया है। एक डॉलर की कीमत 110.79 के स्तर पर पहुंच गई है।
सोने की चाल पर नजर डालें तो 1 हफ्ते में अंतराष्ट्रीय बाजार में सोना 1 फीसदी टूटा है जबकि एमसीएक्स पर इसकी कीमतों में 2 फीसदी की गिरावट देखने को मिली है। वहीं 1 महीने में कॉमेक्स पर सोना 4 फीसदी टूटा है जबकि एमसीएक्स पर यह 2 फीसदी फिसला है। सोने की 1 साल की चाल पर नजर डालें तो अंतराष्ट्रीय बाजार में पिछले 1 साल में इसमें 5 फीसदी की गिरावट आई है जबकि एमसीएक्स पर पिछले 1 साल में सोने की कीमतों में 7 फीसदी का इजाफा देखने को मिला है।
वहीं चांदी की चाल पर नजर डालें तो 1 हफ्ते में अंतराष्ट्रीय बाजार में चांदी 2 फीसदी टूटा है जबकि एमसीएक्स पर इसकी कीमतों में 4 फीसदी की बढ़ोतरी देखने को मिली है। वहीं 1 महीने में कॉमेक्स पर चांदी 2 फीसदी चढ़ा है जबकि एमसीएक्स पर इसमें 8 फीसदी की बढ़त देखने को मिली है। चांदी की 1 साल की चाल पर नजर डालें तो अंतराष्ट्रीय बाजार में पिछले 1 साल में इसमें 14 फीसदी की गिरावट आई है जबकि एमसीएक्स पर पिछले 1 साल में चांदी की कीमतों में 5 फीसदी टूटा है।
यह भी बतातें चलें कि आरबीआई द्वारा जारी साप्ताहिक आंकड़ों के मुताबिक 09 सितंबर 2022 को खत्म हुए हफ्ते में देश का गोल्ड रिजर्व 34 करोड़ डॉलर बढ़कर 38.64 अरब डॉलर पर पहुंच गया है जबकि 2 सितंबर को खत्म हुए हफ्ते में गोल्ड रिजर्व 38.303 अरब डॉलर पर था। 2 सितंबर को समाप्त हफ्ते में गोल्ड रिजर्व में 1.339 अरब डॉलर की गिरावट देखने को मिली थी।