Gold Price Crash : 2026 में 25% टूटा सोना, जानिए कब शुरू हो सकती है रिकवरी

Gold Price Crash : पिछले आंकड़ों पर नजर डालें तो सोने में कई बार डबल डिजिट गिरावट देखने को मिली है। लेकिन इन आंकड़ों से यह भी पता चलता है कि बड़ी गिरावट का मतलब हमेशा नुकसान ही नहीं होता

अपडेटेड Nov 19, 2026 पर 2:28 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Gold Price Crash : निवेशकों के लिए सबसे बड़ी बात है उनकी निवेश अवधि और उनके पास पहले से मौजूद सोने की मात्रा है। कीमतों में भारी गिरावट के बाद खरीदारी करने वालों को कीमतों में तेज रिकवरी की उम्मीद करने के बजाय आगे की वोलैटिलिटी के लिए तैयार रहना चाहिए

Gold Price Crash : अगर आपने इस साल सोने को उसके हाई के आस-पास खरीदा था,तो हाल ही में आई गिरावट को अनदेखा करना मुश्किल है। वहीं, अगर आप अभी इसे खरीदने के बारे में सोच रहे हैं,तो एक और सवाल उठता है कि क्या कीमतें और गिर सकती हैं? लेकिन इतिहास हमें कुछ और ही बताता है। अतीत में कई सालों में सोने की कीमतों में डबल-डिजिट गिरावट आई है। हालांकि,कई बार साल के अंत में गिरावट से उबर कर पॉजिटिव रिटर्न मिला है।

आज गुरुवार, 19 नवंबर को भी सोने में कमजोरी बनी हुई है। एमसीएक्स पर 4 दिसंबर की डिलीवरी वाला गोल्ड फ्यूचर्स 0.75 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1,28,842 रुपये प्रति 10 ग्राम पर खुले। MCX पर सोने की हाजिर कीमत 1,30,921 रुपये प्रति 10 ग्राम के आसपास दिख रही है। ऐसे में सवाल है कि क्या मौजूदा गिरावट वाकई गंभीर है या फिर यह ऐसी ही है जैसा हमने पहले भी कई बार देखा है?

क्या कहते हैं पिछले आंकड़े?


फंड्सइंडिया रिसर्च के मुताबिक 31 अक्टूबर 2026 तक सोने में साल के दौरान 25 प्रतिशत की गिरावट देखने को मिली। 1980 से अब तक के ऐतिहासिक आंकड़ों को देखें,तो यह सोने में आई सबसे बड़ी गिरावटों में से एक है।

फंड्सइंडिया के मुताबिक 1980 से सोने की कीमतों में साल के दौरान औसतन लगभग 13 प्रतिशत की गिरावट देखने को मिली थी। 'इंट्रा-ईयर डिक्लाइन' (साल के दौरान गिरावट) या 'ड्रॉडाउन'से यह पता चलता है कि किसी साल के दौरान कीमतें अपने पिछले हाई से कितनी नीचे गिरीं,भले ही दिसंबर के अंत में वे किसी भी स्तर पर बंद हों। पिछले आंकड़े बताते हैं कि 10–15 प्रतिशत की गिरावट होना कोई असामान्य बात नहीं है।

उदाहरण के लिए,2020 में सोने की कीमत में 15 प्रतिशत तक की गिरावट आई थी। 2022 में भी ऐसी ही गिरावट देखने को मिली,जबकि 2023 में कीमतों में 10 प्रतिशत का करेक्शन हुआ। हालांकि, 2026 की गिरावट अपनी तीव्रता के कारण अलग नजर आ रही है।

किस साल कितना गिरा सोना?

इस स्टडी से पता चलता है कि सबसे बड़ी गिरावट 1980 में दर्ज की गई। इस साल सोने की कीमत अपने हाई से 40 प्रतिशत गिर गई थी। 1981 में कीमतों में 25 प्रतिशत का करेक्शन हुआ,जो अक्टूबर 2026 तक दर्ज की गई गिरावट के बराबर है।

लेकिन किसी साल के दौरान आई भारी गिरावट का मतलब हमेशा यह नहीं होता कि साल का अंत भी लाल निशान में हुआ हो। लेकिन इतिहास यह भी बताता है कि सोना हर गिरावट के बाद उसी साल में रिकवर भी नहीं हुआ है। स्टडी में शामिल अवधि में लगभग 78 प्रतिशत बार ऐसा रहा जब सोने ने कैलेंडर वर्ष के दौरान पॉजिटिव रिटर्न दिया। 1980 का ही उदाहरण लें। उस साल सोने की कीमत में 40 प्रतिशत की गिरावट आई थी, लेकिन फिर भी साल के अंत तक इसमें 4 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई।

ऐसा ही एक पैटर्न 2008 में देखने को मिला था,जब साल के दौरान सोने की कीमत में 20 प्रतिशत की गिरावट आई, लेकिन साल के अंत तक इसने 28 प्रतिशत का रिटर्न दिया। हाल ही में, 2020 में एक समय सोने की कीमत 15 प्रतिशत तक गिर गई थी, फिर भी साल के अंत तक इसमें 28 प्रतिशत की बढ़त देखने को मिली। हालांकि,यही पैटर्न हर बार देखने को नहीं मिला है।

1981 में 25 प्रतिशत की अधिकतम गिरावट के साथ-साथ कैलेंडर वर्ष के अंत में 22 प्रतिशत का नुकसान हुआ था। इसी तरह, 2013 में सोने की कीमत में 24 प्रतिशत की गिरावट आई और साल के अंत तक इसमें 18 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई।

2026 के फंड्सइंडिया (FundsIndia) के आंकड़ों के अनुसार 31 अक्टूबर तक 5 प्रतिशत का निगेटिव रिटर्न रहा। यह 'ईयर-टू-डेट' (साल की शुरुआत से अब तक का) आंकड़ा है, न कि पूरे साल का रिटर्न। इसमें बाद के समय में कीमतों में होने वाले बदलाव शामिल नहीं हैं।

निवेशकों के लिए क्या हैं इसके मायने?

इन आंकडों से साफ है कि ऊंचे स्तर से आई भारी गिरावट यह तय नहीं करती कि पूरे साल के दौरान इस असेट प्रदर्शन कैसा रहेगा। सोना पहले भी कई बार गिरावट के बाद संभल चुका है, लेकिन इसका मतलब यह भी नहीं है कि मौजूदा गिरावट में भी ऐसा ही होगा।

निवेशकों के लिए सबसे बड़ी बात है उनकी निवेश अवधि और उनके पास पहले से मौजूद सोने की मात्रा है। कीमतों में भारी गिरावट के बाद खरीदारी करने वालों को कीमतों में तेज रिकवरी की उम्मीद करने के बजाय आगे की वोलैटिलिटी के लिए तैयार रहना चाहिए।

सोने के पिछले आंकड़ों से पता चलता है कि इसमें कुछ समय के लिए गिरावट आना आम बात है, लेकिन 25 प्रतिशत की गिरावट ऐतिहासिक औसत की तुलना में काफी बड़ी है। पहले हुई रिकवरी से एक नजरिया तो मिलता है, लेकिन यह इस बात की गारंटी नहीं है कि आगे क्या होगा।

 

Silver Price : रिकवरी शुरू होने के पहले 40 डॉलर की नीचे फिसल सकती है चांदी, एक्सपर्ट्स ने कहा गिरावट में खरीद लो

 

डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।