Silver Price : XM.com के एशिया-पैसिफिक जोन के चीफ स्ट्रेटेजिस्ट पीटर मैकगायर (Peter McGuire) का कहना है कि आने वाले हफ्तों में चांदी की कीमतें 40 डॉलर प्रति औंस से नीचे गिरकर 30 डॉलर के ऊपरी दायरे तक आ सकती हैं। इस करेक्शन के बादा 2027 की दूसरी तिमाही में चांदी में खरीदारी का सबसे अच्छा मौका होगा। उनका मानना है कि अमेरिकी डॉलर के मजबूत होने,बॉन्ड यील्ड के ऊंचे स्तर पर रहने और अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों में और बढ़ोतरी की उम्मीदों के चलते,नीयर टर्म में सोने-चांदी में कमजोरी बनी रह सकती है।
पीटर मैकगायर का मानना है कि चांदी में अभी और नरमी की गुंजाइश है। यह अपने मौजूदा स्तरों से और नीचे जा सकती है। उनका मानना है कि कमोडिटी बाजार दबाव में बना हुआ है और निवेशक लगातार अपनी पोजीशन काट रहे हैं।
उधर ETO मार्केट्स के CIO जोनाथन बैरेट का मानना है कि सोने और चांदी में आई भारी गिरावट लंबी अवधि के निवेशकों के लिए निवेश शुरू करने का एक मौका हो सकती है।
ब्याज दरों में बढ़ोतरी के कारण प्रेसियस मेटल्स को अपने होल्ड रखने की लागत बढ़ गई है,जिससे निवेशक इन एसेट्स से दूरी बना रहे हैं। हालांकि,उन्हें उम्मीद है कि जब केंद्रीय बैंक अंततः अपनी मौद्रिक नीति को नरम बनाने की दिशा में कदम बढ़ाएंगे तो स्थिति बदल जाएगी।
जोनाथन बैराट ने आगे कहा कि उन्हें लगता है कि हम अब ऐसे दौर में हैं जहां हम सोच रहे हैं कि आखिर दरों में आखिरी बढ़ोतरी कब होगी? उन्होंने सुझाव दिया कि जो निवेशक लंबे समय के नजरिए से निवेश करना चाहते हैं वे बाजार में उतरने पर विचार कर सकते हैं।
इंडस्ट्रियल मेटल्स के बारे में बैराट ने कहा कि चीन के कमजोर आर्थिक आंकड़े तांबे और एल्युमीनियम के लिए एक बड़ी चिंता का विषय बने हुए हैं। आर्थिक विकास को लेकर अनिश्चितता और मंदी की आशंका के चलते खरीदार अभी पीछे हट रहे हैं। उनका मानना है कि जब तक ग्लोबल आर्थिक गतिविधियों में सुधार के साफ संकेत नहीं मिल जाते तब तक मेटल्स की कीमतों में उतार-चढ़ाव बना रहेगा।
पीटर मैकगायर भी तांबे को लेकर भी सतर्क हैं और उन्हें इसकी कीमतों में और गिरावट आने की उम्मीद है। उनका मानना है कि नवंबर के अंत तक तांबे की कीमत गिरकर 11,800-11,900 डॉलर तक आ सकती है। उन्होंने कहा कि जिन निवेशकों ने तांबे में लॉन्ग पोजीशन ले रखी है उन्हें और नुकसान उठाना पड़ सकता है क्योंकि बिकवाली का दबाव बना हुआ है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।