Gold Price Today : सोना डेढ़ साल में सबसे महंगा, 55,000 रुपये ज्यादा हुए भाव, अब क्या करें इनवेस्टर
रिलायंस सिक्योरिटीज के सीनियर रिसर्च एनालिस्ट श्रीराम अय्यर ने कहा, यदि MCX Gold April 54,380 रुपये के स्तर से ऊपर ट्रेड करता है तो इसमें 55,400-56,580 रुपये के स्तर तक तेजी बनी रह सकती है
MoneyControl News
अपडेटेड Mar 09, 2022 पर 11:19 AM
अंतर्राष्ट्रीय बाजार में, पिछले सेशन के दौरान सोना 2,069.89 डॉलर के स्तर के साथ अगस्त, 2020 में रहे सोने के 2,072.49 डॉलर रिकॉर्ड हाई के नजदीक पहुंच गया
Gold price : सोना डेढ़ साल से ज्यादा समय के बाद फिर से 55,000 रुपये के स्तर तक पहुंच गया। रूस और यूक्रेन के बीच टेंशन (Russia Ukraine Tension) बढ़ने पर अमेरिका और उसके सहयोगियों द्वारा रूस पर प्रतिबंध लगाने के बीद पीली धातु की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं। एमसीएक्स (MCX) पर बुधवार को सुबह 9.15 बजे गोल्ड फ्यूचर (gold future) 1.64 फीसदी उछलकर 55,111 रुपये पर पहुंच गया। वहीं, चांदी (silver price) में भी मजबूती दर्ज की गई और सिल्वर फ्यूचर 2.19 फीसदी की मजबूती के साथ 72,950 रुपये प्रति किलो के स्तर पर पहुंच गई।
रूस पर दबाव बनाने के क्रम में अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन (Joe Biden) ने रूस के तेल और अन्य एनर्जी के इंपोर्ट पर बैन लगा दिया है। वहीं, ब्रिटेन ने भी 2022 के अंत तक के लिए रूस पर यह कार्रवाई की है।
अंतर्राष्ट्रीय बाजारों में डॉलर ने बढ़ाया प्रेशर
अंतर्राष्ट्रीय बाजार में, सोने में जोरदार रैली रही और यह रिकॉर्ड हाई पर पहुंच गया। हालांकि, बुधवार को शुरुआती कारोबार में कुछ कमजोरी रही, जिस पर डॉलर और यूएस ट्रेजरी यील्ड्स में मजबूती से प्रेशर बढ़ गया। हाजिर सोना (Spot gold) 0.6 फीसदी की कमजोरी के साथ 2,040.07 डॉलर प्रति औंस पर बना हुआ है। वहीं पिछले सेशन के दौरान सोना 2,069.89 डॉलर के स्तर के साथ अगस्त, 2020 में रहे सोने के 2,072.49 डॉलर रिकॉर्ड हाई के नजदीक पहुंच गया
दुनिया के सबसे बड़े गोल्ड बैक्ड एक्सचेंज ट्रेडेड फंड (ETF) SPDR Gold Trust की होल्डिंग बढ़कर 1,067.3 टन हो गई, जो मार्च, 2021 के बाद सबसे ज्यादा है। यूएस ट्रेडरी यील्ड्स आठ हफ्ते के निचले स्तर से उबरती नजर आई।
56,580 रुपये तक बनी रह सकती है तेजी
न्यूज18 की एक रिपोर्ट में रिलायंस सिक्योरिटीज के सीनियर रिसर्च एनालिस्ट श्रीराम अय्यर ने कहा, “टेक्निकली, यदि कोमेक्स गोल्ड 2,035.97 के स्तर से ऊपर ट्रेड करता है तो इसमें 2,086.13-2,128.97 के रेजिस्टैंस जोन तक तेजी बनी रह सकती है। इससे नीचे ट्रेड होने पर कीमतें 1,993.13-1,942.97 डॉलर के सपोर्ट जोन तक गिर सकती हैं।”
अय्यर ने कहा, “यदि MCX Gold April 54,380 रुपये के स्तर से ऊपर ट्रेड करता है तो इसमें 55,400-56,580 रुपये के स्तर तक तेजी बनी रह सकती है। इससे नीचे 53,200-52,180 रुपये तक सपोर्ट जोन है।”
शेयर इंडिया के वाइस प्रेसिडेंट और हेड (रिसर्च) रवि सिंह ने कहा, “जंग के चलते सोने के लिए सेफ हैवन डिमांड बढ़ गई है, वहीं इनवेस्टर्स जोखिम को लेकर सतर्क हो गए हैं और इक्विटीज में बिकवाली बढ़ गई है। सोने में 54,500 रुपये के टारगेट के लिए 54,000 रुपये के आसपास खरीदारी की जा सकती है। वहीं 53,800 रुपये से नीचे 53,500 रुपये के टारगेट के लिए बिकवाली कर सकते हैं।”
74,665 रुपये का स्तर छू सकती है चांदी
चांदी पर श्रीराम अय्यर ने कहा, टेक्निकली यदि एमसीएक्स सिल्वर मई (MCX Silver May) 71,440 रुपये के ऊपर ट्रेड करता है तो इसमें 73,025-74,665 रुपये के रेजिस्टैंस जोन तक तेजी बनी रह सकती है। इससे नीचे 69,800-68,215 रुपये के सपोर्ट जोन तक गिरावट रह सकती है।