Aviation Share jump: आज यानी 09 मार्च को इंडियन एविएशन शेयरों में जोरदार उछाल देखने को मिला है। आज के कारोबार में SpiceJet, IndiGo parent InterGlobe Aviation और Jet Airways के शेयरों में 5-8 फीसदी की तेजी देखने को मिली है। दरअसल नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने 08 मार्च को 27 मार्च 2022 से भारत के लिए/भारत से शेड्यूल्ड कमर्शियल इंटरनेशनल पैसेंजर उड़ानों को फिर से शुरू करने का ऐलान किया है। जिसके चलते आज एविएशन शेयरों मे तेजी देखने को मिल रही है।
बतातें चलें कि भारत सरकार ने करीब दो साल बाद देश में 27 मार्च से एक बार फिर से इंटरनेशनल कमर्शियल उड़ानों को कोरोना गाइडलाइंस के अनुपालन के साथ एक बार फिर शुरू करने का फैसला किया है।
इससे पहले 28 फरवरी को डायरेक्टरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन (डीजीसीए) ने नियमित अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर रोक को अगले आदेश तक बढ़ा दिया था। हालांकि, डीजीसीए ने कहा कि जो उड़ानें एयर बबल व्यवस्था के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय कार्गो उड़ानों के तहत परिचालन कर रही हैं, वे निर्धारित समय के अनुसार जारी रहेंगी।
गौरतलब है कि देश में शेड्यूल्ड कमर्शियल इंटरनेशनल फ्लाइट्स 23 मार्च, 2020 से कोविड-19 महामारी के कारण निलंबित हैं। भारत में इन उड़ानों पर प्रतिबंध की डेडलाइन 28 फरवरी 2022 थी। निलंबन अविध के दौरान एयर बबल व्यवस्था के तहत जुलाई 2020 से भारत और लगभग 40 देशों के बीच विशेष यात्री उड़ानें संचालित हो रही हैं।
फिलहाल 11.00 बजे के आसपास SpiceJet Ltd का शेयर एनएसई पर 2.70 रुपये यानी 4.73 फीसदी की बढ़त के साथ 59.80 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। वहीं बीएसई पर InterGlobe Aviation का शेयर 105.60 रुपये यानी 6.60 फीसदी की बढ़त के साथ 1,705.65 के स्तर पर नजर आ रहा है जबकि Jet Airways 4.45 रुपये यानी 4.97 फीसदी की उछाल के साथ 93.90 के स्तर पर कारोबार कर रहा है।