Gold Price Today : सोने की कीमतों में सोमवार को बड़ी गिरावट दर्ज की गई। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सुबह 9.50 बजे गोल्ड फ्यूचर (gold future) 0.24 फीसदी कमजोर होकर 52,750 रुपये 10 ग्राम रह गया। रूस और यूक्रेन के बीच जारी टकराव (Russia and Ukraine conflict) के चलते पीली धातु (yellow metal) पिछले हफ्ते 55,000 रुपये के स्तर से ऊपर निकल गई थी।
वहीं सोमवार को चांदी की कीमतों में भी गिरावट रही। सिल्वर फ्यूचर 0.42 फीसदी कमजोर होकर 70,072 रुपये प्रति किग्रा रह गई।
इन वजहों से सोने की कीमतों पर दबाव
अंतर्राष्ट्रीय बाजार में, भी सोने की कीमतों में गिरावट रही। अचानक आई इस गिरावट की मुख्य वजह यूएस ट्रेजरी यील्ड्स (US Treasury yields) में बढ़ोतरी रही है, क्योंकि इनवेस्टर्स को अनुमान है कि यूएस फेडरल रिजर्व (US Federal Reserve) जल्द ही सख्त रुख अपना सकता है। हाजिर सोना (Spot gold) 0.7 फीसदी कमजोर होकर 1,971.77 डॉलर प्रति औंस पर आ गया। यूएस गोल्ड फ्यूचर्स भी 0.5 फीसदी कमजोर होकर 1,975.70 डॉलर प्रति औंस पर आ गया।
Gold Price Future : रिलायंस सिक्योरिटीज लिमिटेड ने कहा, “तकनीक रूप से यदि, एलबीएमए गोल्ड 1,990 डॉलर के नीचे कारोबार करता है तो इसमें 1,970-1,959 डॉलर के स्तरों पर गिरावट का दबाव देखने को मिल सकता है। 1,985-2,001 डॉलर पर रेजिस्टैंस है।”
ब्रोकरेज ने कहा, “घरेलू बाजार में सोने की कीमतों में सोमवार को कमजोर शुरुआत रही है। तकनीक रूप से, यदि एमसीएक्स (MCX) गोल्ड अप्रैल 53,000 रुपये प्रति 10 ग्राम से नीचे बना रहता है तो इसमें 52,500-52,300 रुपये के स्तरों तक मंदी का रुझान देखने को मिल सकता है। 53,000-53,200 के स्तर पर रेजिस्टैंस है।”
रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध का दिख रहा असर
शेयरइंडिया के वाइस प्रेसिडेंट और हेड (रिसर्च) डॉ. रवि सिंह ने कहा, “रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध (Russia-Ukraine war) का असर दुनिया भर में कमोडिटीज पर दिख रहा है। रूस के खिलाफ प्रतिबंधों से भी सोने की कीमतों को मजबूती मिली है। 53,000 के टारगेट के सथ 52,700 रुपये पर सोने में खरीदारी की सलाह है। वहीं 52,300 रुपये के टारगेट के लिए 52,500 रुपये के नीचे बिकवाली की सलाह है।”