HDFC Bank के शेयरों में आज यानी 14 मार्च के कारोबार में इंट्राडे में 2 फीसदी से ज्यादा की तेजी देखने को मिली। गौरतलब है कि आरबीआई ने एचडीएफसी बैंक पर नए डिजिटल लॉन्च पर जो प्रतिबंध लगाए थे उनको हटा लिया है। इस खबर के चलते HDFC Bank में आज जोरदार तेजी आई है। HDFC Bank ने इस बारे में जारी प्रेस रिलीज में कहा है कि रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया ने एचडीएफसी बैंक के डिजिटल बैंक 2.0 प्रोगाम के तहत बैंक के कारोबारी विस्तार से संबंधित गतिविधियों पर से प्रतिबंध हटा लिया है।
यह भी बता दें कि आरबीआई ने ये प्रतिबंध दिसंबर 2020 में लागू किए थे। बैंक के डिजिटल ट्रांजैक्शन में बार-बार गड़बड़ियां आने पर आरबीआई ने यह कदम उठाया था जिसके तहत एचडीएफसी बैंक पर उसके डिजिटल 2.0 प्रोग्राम के तहत उठाए जाने वाले तमाम कदमों जिसमें नए क्रेडिट कार्ड लॉन्च करना भी शामिल था, पर प्रतिबंध लगा दिया गया था। इसके अलावा ये प्रतिबंध लगाते समय आरबीआई ने बैंक को यह निर्देश भी दिए थे कि वह इस तरह की तकनीकी गड़बड़ियों की जवाबदेही तय करे और गड़बड़ियों के कारणों की जांच कर उनको दुरुस्त करे।
पिछले साल अगस्त में यह प्रतिबंध आंशिक तौर पर उठाए गए थे जिसके तहत एचडीएफसी बैंक को नए क्रेडिट कार्ड जारी करने की मंजूरी मिल गई थी। इसके बाद एचडीएफसी बैंक ने दावा किया था कि उसने इन प्रतिबंधों के आशंकि तौर पर हटाए जाने के बाद रिकॉर्ड क्रेडिट कार्ड जारी किए हैं। अब इन प्रतिबंधों को पूरी तरह से हटा दिया गया है।
इस बीच मॉर्गन स्टैनली ने HDFC Bank की overweight रेटिंग बनाए रखते हुए 2,050 रुपये प्रति शेयर का लक्ष्य दिया है। वहीं जैफरीज ने इसकी buy रेटिंग बनाए रखते हुए 2,160 रुपये का लक्ष्य दिया है। जबकि नोमुरा ने इस स्टॉक पर अपनी buy रेटिंग बनाए रखते हुए 1,955 रुपये का लक्ष्य दिया है।