Gold and silver prices : ग्लोबल मार्केट की तर्ज पर गुरुवार, 22 सितंबर को भारत में भी सोने और चांदी की कीमतों में कमजोरी रही। एमसीएक्स (MCX) पर गोल्ड फ्यूचर्स (gold futures) 0.25 फीसदी कमजोर होकर 49,321 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया, जो उसका 7 महीने का निचला स्तर है। वहीं सिल्वर फ्यूचर्स 0.4 फीसदी की गिरावट के साथ 57,059 रुपये प्रति किग्रा पर है।
यूएस फेड के ब्याज दर बढ़ाने का दिखा असर
ग्लोबल मार्केट की बात करें तो गोल्ड की स्पॉट प्राइस 1 फीसदी कमजोर होकर 1,656.97 डॉलर प्रति औंस हैं। दरअसल, यूएस फेडरल रिजर्व के ब्याज दरों में 0.75 फीसदी की बढ़ोतरी के चलते सोने की कीमतों पर डॉलर में आई मजबूती और बॉन्ड यील्ड में उछाल का असर दिख रहा है। यूएस ट्रेजरी बॉन्ड यील्ड्स बढ़कर 4 फीसदी से ऊपर पहुंच गई हैं, जो 2007 के बाद के ऊपरी स्तर पर हैं। डॉलर इंडेक्स दो दशकों के नए हाई पर पहुंच गया है।
गोल्ड को महंगाई से बचाव के माध्यम के रूप में देखा जाता है, लेकिन महंगाई को काबू में करने के लिए ब्याज दरों में बढ़ोतरी से सोने की होल्डिंग कॉस्ट बढ़ रही है। उधर, स्पॉट सिल्वर 1.7 फीसदी गिरकर 19.26 डॉलर प्रति औंस रह गई है।
इनवेस्टर्स को नहीं लुभा रहा सोना
खास बात यह है कि हाल की गिरावट के बावजूद इनवेस्टर्स पीली धातु में निवेश के लिए आगे नहीं आ रहे हैं। वहीं दुनिया के सबसे बड़े गोल्ड बैक्ड एक्सचेंज ट्रेडेड फंड SPDR Gold Trust की होल्डिंग बुधवार को 0.12 फीसदी घटकर 952 टन रह गई।
सोने में किन स्तरों पर है सपोर्ट
मेहता इक्विटीज के वीपी (कमोडिटीज) राहुल कलंत्री ने कहा, “सोने को 49,040-48,880 रुपये पर सपोर्ट हासिल है, वहीं 49,610, 49,760 रुपये प्रति 10 ग्राम पर रेजिस्टैंस मिल रहा है। चांदी को 56,250-55,640 रुपये पर सपोर्ट, जबकि 57,680–58,110 रुपये प्रति किग्रा पर रेजिस्टैंस मिल रहा है।
डिसक्लेमर : मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।