Gold Prices Today: सोना 915 रुपये, तो चांदी 2,200 रुपये हुए सस्ता, लगातार तीसरे दिन घटा दाम

Gold Prices: दिल्ली सर्राफा बाजार में बुधवार को सोना 915 रुपये टूटकर 52,367 रुपये पर आ गया, जबकि चांदी के दाम में 2,221 रुपये की बड़ी गिरावट आई

अपडेटेड Apr 20, 2022 पर 8:14 PM
Gold Rate Today: MCX पर सोने की वायदा कीमत 0.35% घटकर 52,566 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गई

Gold Prices Today: सोने की कीमतों में बुधवार को लगतार तीसरे दिन गिरावट आई। वहीं चांदी के दाम भी आज गिरे हैं। दिल्ली सर्राफा बाजार में बुधवार को सोना 915 रुपये टूटकर 52,367 रुपये पर आ गया। चांदी का दाम (Silver Rate) भी बुधवार को 2,221 रुपये की बड़ी गिरावट के साथ 67,969 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गया।

वहीं मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोने की वायदा कीमत 0.35 फीसदी घटकर 52,566 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गई। जबकि चांदी 0.4 फीसदी गिरकर 68, 520 रुपये प्रति किलो पर आ गया। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमत 0.2 फीसदी गिरकर 1,942.5 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था। वहीं चांदी भी मामूली गिरावट के साथ 24.94 डॉलर प्रति औंस पर रहा।

HDFC सिक्योरिटीज के रिटेल रिसर्च एनालिस्ट दिलीप परमार ने बताया, "कॉमेक्स में सोना 0.38 फीसदी के नुकसान के साथ 1,942 डॉलर प्रति औंस पर था। बुधवार को सोने का भाव टूटकर एक सप्ताह के निचले स्तर पर आ गया। अमेरिका में बांड यील्ड बढ़ने से सुरक्षित निवेश विकल्प के रूप में सोने का आकर्षण घटा है। इसके अलावा अमेरिकी शेयर बाजार में रिकवरी का भी इस पर असर पड़ा है।"


यह भी पढ़ें- Market Scam: शेयर मार्केट में बर्बाद होने से बचना है तो इन 3 बातों का रखें ध्यान, Zerodha ने किया अलर्ट

वहीं कोटक सिक्योरिटीज के कमोडिटी रिसर्च के वाइस प्रेसिडेंट रविंद्र राव ने बताया, "रूस-यूक्रेन के बीच जंग तेज होने से कीमतों को आगे मजबूती मिल सकती है। ईटीएफ के जरिए भी निवेष मजबूत बना हुआ है। साथ ही महंगाई बढ़ने और चीन की अर्थव्यवस्था सुस्त होने की आशंका से भी कीमतों को समर्थन मिल सकता है। पिछले कुछ दिनों से गोल्ड में तेजी आ रही थी और यह 2,000 डॉलर प्रति औंस के करीब पहुंच गया था। हालांकि हम इसमें गिरावट देखी जा रही है और अमेरिकी डॉलर में मजबूती और शेयर मार्केट में स्थिरता को देखते हुए यह गिरावट कुछ और दिन जरी रह सकती है।"

ShareIndia के रिसर्च हेड और वाइस प्रेसिडेंट रवि सिंह ने बताया कि बढ़ती महंगाई और रूस-यूक्रेन जंग को लेकर अनिश्चितता के चलते सोने आगे भी निवेश का सुरक्षित विकल्प बना रहेगा। बाजार के सेंटीमेंट पर जब तक ये दोनों पहलू हावी रहेंगे, तब तक सोने की कीमतों में तेजी आने की उम्मीद बनी रहेगी। रवि सिंह ने इस गिरावट को सोने में निवेश करने वाले खरीदारों के लिए अच्छा मौका बताया।

डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।