LPG Price Today: अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल (Crude Oil) की कीमतें लगातार ऊंचे स्तर पर बनी हुई हैं और यह करीब $105 प्रति बैरल तक पहुंच गई हैं। इसके बावजूद आम लोगों के लिए राहत की खबर है। भारतीय तेल विपणन कंपनियों (OMCs) ने 18 मई को घरेलू LPG सिलेंडर के दाम में कोई बढ़ोतरी नहीं की है। 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत दिल्ली में अब भी ₹913 पर स्थिर है। ऐसे में बढ़ती महंगाई के बीच लोगों की रसोई का बजट फिलहाल सुरक्षित बना हुआ है।
दूसरी ओर 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमतें देश के अधिकांश हिस्सों में ₹3,000 के ऐतिहासिक स्तर को पार कर चुकी हैं। मई की शुरुआत में इसमें ₹993 की भारी बढ़ोतरी की गई थी, जिसके बाद से छोटे व्यापारियों, होटलों और रेस्टोरेंट संचालकों पर लागत का बोझ काफी बढ़ गया है।
आज घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत क्या है?
5 किलो वाला छोटू सिलेंडर भी हुआ महंगा
मार्च 2026 से 14.2 किलो वाले घरेलु LPG सिलेंडर की कीमतें भले ही स्थिर बनी हुई हैं, लेकिन छोटे 5 किलो वाले FTL (Free Trade LPG) सिलेंडर की कीमतों में हाल ही में बड़ा उछाल आया था, जिससे आम लोगों की चिंता बढ़ गई है। दिल्ली-NCR में इसकी कीमत ₹549 से बढ़कर सीधे ₹810.50 तक पहुंच गई है। जिससे प्रवासी मजदूरों, छोटे परिवारों और बाहर रहकर पढ़ाई करने वाले छात्रों की जेब पर इसका सीधा असर पड़ रहा है।
पश्चिम एशिया में चल रहे तनाव का असर अब तेल और गैस की सप्लाई पर भी साफ दिखाई देने लगा है। सप्लाई चेन प्रभावित होने से अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें लगातार ऊंची बनी हुई हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा हाल ही में लोगों से विदेशी मुद्रा बचाने और ईंधन की खपत कम करने की अपील के बाद, कयास लगाए जा रहे हैं कि अगर कच्चे तेल की वैश्विक कीमतें कम नहीं हुई, तो जून महीने की समीक्षा में घरेलू गैस सिलेंडरों के दाम में ₹40 से ₹50 तक का उछाल देखा जा सकता है। इससे आम लोगों की रसोई का बजट फिर से प्रभावित हो सकता है।