LPG Cylinder Price Today: भारत में कई दिनों से 14.2 किलो वाले घरेलू LPG सिलेंडर के दामों में कोई बदलाव नहीं हुआ है। और यही स्थिति आज भी देखने को मिली। बता दें कि 1 जुलाई को 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर की कीमत में 183.50 रुपये की कटौती गई थी, जिस वजह से दिल्ली में इसकी कीमत 2930 रुपये है। जबकि घरेलू रसोई गैस की कीमत 942 रुपये प्रति सिलेंडर है।
एक रिपोर्ट के मुताबिक, कल अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में 6% के भारी उछाल के बाद आशंका जताई जा रही है कि आने वाले समय में तेल कंपनियां गैस की कीमतों की दोबारा समीक्षा कर सकती हैं।
क्या महंगा हो सकता है गैस सिलेंडर?
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा ईरान के साथ हुए अस्थायी युद्धविराम पर सवाल उठाए जाने के बाद बुधवार को वैश्विक वित्तीय बाजारों में हलचल देखने को मिली। इस दौरान कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल आया, जिस वजह से ब्रेंट क्रूड की कीमत करीब 5.2% बढ़कर 78.02 डॉलर प्रति बैरल पहुंच गई और कारोबार के दौरान कुछ समय के लिए कीमतें 80 डॉलर प्रति बैरल के आंकड़े को भी पार कर गईं। वहीं, अगर अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल और एलपीजी की कीमतों में बदलाव होता है तो भारत में भी इसका असर देखने को मिलता है।
गौरतलब है कि कमर्शियल गैस की कीमतों की समीक्षा सरकारी तेल कंपनियां (IOCL, HPCL, BPCL) समय-समय पर करती हैं। अगर अंतरराष्ट्रीय बाजार में गैस और कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी जारी रहती है, तो 1 जुलाई को 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर पर मिली 183.50 रुपये की राहत अगली समीक्षा में खत्म हो सकती है।