LPG Price Today: घरेलू LPG सिलेंडर की सप्लाई पर आने वाला खर्च हाल के दिनों में काफी बढ़ गया है। यानी अब एक स्टैंडर्ड 14.2 किलोग्राम के घरेलू गैस सिलेंडर को उपभोक्ता तक पहुंचाने में डिलीवरी की लागत 1,600 रुपये से अधिक हो चुकी है। हालांकि, आपको बता दें कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ईंधन की कीमतों में भारी बढ़ोतरी हुई है, लेकिन बावजूद इसके ग्राहकों को अभी भी काफी कम कीमत चुकानी पड़ रही है। इससे हर सिलेंडर पर लगभग 700 रुपये का नुकसान (अंडर-रिकवरी) हो रहा है, जिसे सरकार और पब्लिक सेक्टर की ऑयल मार्केटिंग कंपनियां उठा रही हैं।
विशेषज्ञों के अनुसार, ग्लोबल एनर्जी मार्केट में जारी अस्थिरता के चलते वास्तविक लागत और उपभोक्ताओं से वसूली जाने वाली कीमत के बीच का अंतर बढ़ता जा रहा है। ऐसा मिडिल ईस्ट से एनर्जी शिपमेंट के लिए अहम रास्ते- 'स्ट्रेट ऑफ होर्मुज' के जरिए सप्लाई में आ रही दिक्कतों की वजह से हो रहा है।
आपके शहर में कितनी है LPG की कीमत:
अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कितनी हुई बढ़ोतरी?
पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय के मुताबिक, पिछले कुछ महीनों में अंतरराष्ट्रीय बाजार में LPG की कीमतों में तेज बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिससे भारत के आयात खर्च पर भी बड़ा असर पड़ा है।
फरवरी में 50:50 प्रोपेन-ब्यूटेन ब्लेंड के लिए सऊदी अरामको कॉन्ट्रैक्ट प्राइस (CP) 542.50 अमेरिकी डॉलर प्रति टन था। होर्मुज जलडमरूमध्य से निर्यात में रुकावटों के कारण अप्रैल में यह बेंचमार्क बढ़कर 775 अमेरिकी डॉलर प्रति टन हो गया और जून में और बढ़कर 790 अमेरिकी डॉलर प्रति टन तक पहुंच गया। मंत्रालय ने कहा कि इस दौरान LPG के दोनों मुख्य घटकों की कीमतों में काफी बढ़ोतरी देखी गई।
भारत में सबसे कम LPG की कीमत
मंत्रालय के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय बाजार में LPG की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी का सीधा असर घरेलू गैस बिक्री पर पड़ा है। इसके चलते पिछले एक साल में घरेलू LPG पर होने वाला घाटा तेजी से बढ़ा है। सरकार के आंकड़ों के मुताबिक, वित्त वर्ष 2025-26 के अंत तक घरेलू LPG पर कुल अंडर-रिकवरी, यानी वास्तविक लागत और बिक्री मूल्य के बीच का अंतर, बढ़कर करीब 60,000 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। तुलना करें तो पिछले वित्त वर्ष में यह आंकड़ा 41,338 करोड़ रुपये था।
इस बढ़ते वित्तीय दबाव को देखते हुए केंद्र सरकार ने सार्वजनिक क्षेत्र की ऑयल मार्केटिंग कंपनियों (OMCs) को राहत देने के लिए 30,000 करोड़ रुपये के मुआवजा पैकेज को मंजूरी दी है, ताकि उपभोक्ताओं को रसोई गैस अपेक्षाकृत कम कीमत पर उपलब्ध कराई जा सके।
हाल ही में घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत में 29 रुपये की बढ़ोतरी की गई है, लेकिन इसके बावजूद उपभोक्ताओं से वसूली जा रही कीमत वास्तविक खरीद और आपूर्ति लागत से काफी कम बनी हुई है।
रविवार से दिल्ली में 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू LPG सिलेंडर की नई कीमत 942 रुपये हो गई है। हालांकि, पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय के अनुसार, यह कीमत अभी भी सिलेंडर की बाजार आधारित लागत से काफी नीचे है। यानी सरकार और ऑयल मार्केटिंग कंपनियां उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए लागत और बिक्री मूल्य के बीच के अंतर का बड़ा हिस्सा खुद वहन कर रही हैं।