LPG Rate 14 August 2026: पश्चिमी और मिडिल ईस्ट में जारी संघर्ष के बीच भारत की सरकारी तेल कंपनियों (OMCs) ने 14.2 किलो वाले घरेलू LPG सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया है। वहीं, कमर्शियल गैस सिलेंडर के रेट भी स्थिर रखे गए हैं। हालांकि, महीने की पहली तारीख को 19 किलो वाले सिलेंडर में 192 रुपये की बड़ी कटौती की गई थी। अगर आप ऐसे में गैस सिलेंडर बुक कराने की सोच रहे हैं, तो सबसे पहले आपको अपने शहर का रेट जानना जरूरी है।
देश का क्या है आगे प्लान?
भारत दुनिया के सबसे बड़े LPG उपभोक्ताओं में शामिल है। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच भारत अब अपनी LPG सप्लाई को लेकर किसी एक क्षेत्र पर निर्भर नहीं रहना चाहता। इसी रणनीति के तहत भारत 2027 के लिए अमेरिका से ज्यादा LPG खरीदने की तैयारी कर रहा है।
ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, भारत सरकार ने सरकारी तेल कंपनियों इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (IOC), भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन (BPCL) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन (HPCL) को निर्देश दिया है कि वे 2027 में देश के कुल LPG आयात का कम से कम 15% हिस्सा अमेरिका से लॉन्ग टर्म कॉन्ट्रैक्ट के जरिए हासिल करने की कोशिश करें।
इस कदम का मकसद LPG की सप्लाई को ज्यादा सुरक्षित और मजबूत बनाना है, ताकि पश्चिम एशिया में किसी भी तरह के तनाव या सप्लाई में रुकावट का असर भारत पर कम से कम पड़े।
फिलहाल घरेलू और कमर्शियल LPG सिलेंडर के दाम में कोई बदलाव नहीं हुआ है, लेकिन आने वाले दिनों में कीमतों में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। दरअसल, सरकार रणनीतिक ईंधन भंडार तैयार करने के लिए LPG पर नया टैक्स लगाने के प्रस्ताव पर विचार कर रही है। ऐसे में अगर कीमतों में कोई बदलाव होता है, तो इसका सीधा असर आम लोगों की जेब पर पड़ सकता है। इसलिए गैस सिलेंडर के नए रेट जानने के लिए रोजाना LPG की कीमतों पर नजर रखना बेहतर होगा।