Brent crude : मैराथन ट्रेंड्स एडवाइजर्स के सीईओ अतुल सूरी ने अनुमान जताया है कि शॉर्ट टर्म में ग्लोबल कमोडिटीज की कीमतों में 12-13 फीसदी की बढ़ोतरी के साथ ब्रेंट क्रूड ऑयल फ्यूचर्स (Brent crude oil futures) के 115 डॉलर प्रति बैरल के स्तर तक पहुंच सकता है। सीएनबीसी टीवी 18 को दिए एक इंटरव्यू में कमोडिटी की कीमतें बढ़ने का असर अगली कुछ तिमाहियों के दौरान कॉरपोरेट अर्निंग्स (corporate earnings) और महंगाई पर पड़ने की चिंता जाहिर की है।
कंसॉलिडेशन के लिए तैयार रहें इनवेस्टर्स
वेटरन एसेट मैनेजर का मानना है कि बीते दो साल से बाजार में जारी ट्रेंड खत्म हो गया है और इनवेस्टर्स को कंसॉलिडेशन के लिए तैयार रहना चाहिए। उन्होंने कहा, “बीते दो साल से बाजार में एक ट्रेंड बना हुआ है, लेकिन इस साल यह ट्रेडिंग बाजार के रूप में सामने आएगा। यह स्थिर रिटर्न के साथ एक मुश्किल साल होने जा रहा है।”
ग्लोबल मार्केट्स पर है महंगाई का भी असर
यूएस फेडरल रिजर्व द्वारा आक्रामक रूप से ब्याज दरों में संभावित बढ़ोतरी और पूर्वी यूरोप में जिओपॉलिटिकल टेंशन (geopolitical tensions) के चलते घरेलू बेंचमार्क इंडेक्स अपने अक्टूबर, 2021 के रिकॉर्ड हाई से 7 फीसदी टूट चुके हैं।
विशेष रूप से ग्लोबल मार्केट्स पर महंगाई का भी असर दिख रहा है। अमेरिका में महंगाई कई दशकों के उच्चतम स्तर पर पहुंच गई है, वहीं एनर्जी की कीमतों में तेजी से ब्रिटेन और यूरोप में भी यही ट्रेंड दिख रहा है।
निफ्टी50 को 16,410 अंक पर सपोर्ट, स्मालकैप को लगेगा झटका
सूरी ने कहा कि मौजूदा कंसॉलिडेशन के दौर में निफ्टी50 इंडेक्स (Nifty 50 index) को 16,410 अंक पर मजबूत सपोर्ट मिलेगा, हालांकि उन्होंने स्मालकैप स्पेस में बिकवाली शुरू होने की चिंता जाहिर की है। हाल के हाई से निफ्टी स्मालकैप 100 इंडेक्स 15 फीसदी से ज्यादा टूट चुका है, वहीं इसी अवधि में स्मालकैप शेयरों में 20-30 फीसदी तक गिरावट रही है।
सूरी ने कहा, “मुझे लगता है कि स्मालकैप में यह समस्या बनी रहेगी और यह स्पेस रिटेल इनवेस्टर्स के लिए खासा अहम है।”
सूरी को मौजूदा रूस-यूक्रेन क्राइसिस और यूएस फेड द्वारा ब्याज दरों में संभावित बढ़ोतरी के चलते ग्लोबल मार्केट में उतार-चढ़ाव जारी रहने की उम्मीद है और भारतीय बाजार इससे अलग नहीं रहेंगे। हालांकि, उन्हें दूसरे बाजारों की तुलना में उन्हें भारतीय बाजारों की स्थिति बेहतर रहने की उम्मीद है।
डिसक्लेमर : मनीकंट्रोल पर इनवेस्टमेंट एक्सपर्ट्स के विचार और निवेश के टिप्स उनके अपने हैं, वेबसाइट या उसके मैनेजमेंट के नहीं। मनीकंट्रोल अपने यूजर्स को निवेश से जुड़े फैसले लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट्स से संपर्क करने की सलाह देते हैं।