Crude Oil Price Rise: देश में पेट्रोल-डीजल के दाम में फिर से इजाफा होने के आसार दिख रहे हैं, इसकी वजह ये है कि इंटरनेशनल मार्केट में कच्चे तेल के दाम में आग लगी हुई है। कच्चे तेल के दाम 7 साल के ऊपरी स्तर पर पार कर गए हैं। कच्चे तेल के दाम 88 डॉलर प्रति बैरल हो गए हैं। ब्रेंट क्रूड वायदा (Brent crude futures) 87 सेंट या 1 फीसदी बढ़कर 88.38 डॉलर प्रति बैरल हो गए हैं। देश में सरकार के एक्साइज ड्यूटी में कटौती करने के बाद से पेट्रोल-डीजल के दाम स्थिर हैं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, कच्चे तेल के कीमतें मे नए साल की शुरुआत से ही आग लगी हुई है। पिछले 4 हफ्तों में कच्चे तेल के दाम में 25 फीसदी से ज्यादा की बढ़ोतरी हो चुकी है। 1 दिसंबर को एक बैरेल ब्रेंट क्रूड ऑयल की कीमत करीब 69 डॉलर थी। तेल की कीमतें पिछले 4 हफ्तों से लगातार बढ़ रही हैं। यह अक्टूबर के बाद से सबसे लंबी छलांग है।
एक रिपोर्ट में कहा गया है कि यहूदी विद्रोहियो के संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के एक तेल कंपनी पर हमला करने के चलते सप्लाई पर असर पड़ा है। वहीं ग्लोबल स्तर पर भू राजनीतिक तनाव से कच्चे तेल के दाम बढ़ने में मदद मिली है। दरअसल, इंटरनेशनल लेवल पर कच्चे तेल की कीमतों के आधार पर पेट्रोल-डीजल के दाम तय होते हैं। फिलहाल मौजूदा समय में सरकार द्वारा एक्साइज ड्यूटी में कटौती करने के बावजूद भारत में पेट्रोल-डीजल काफी महंगा है। हालांकि नवंबर महीने से देश में पेट्रोल-डीजल के दाम स्थिर हैं।
वहीं जानकारों का मानना है कि अगर इंटरनेशनल लेवल पर इसी तरह कच्चे तेल की कीमतों में तेजी बनी रही तो पेट्रोल-डीजल के भाव बढ़ सकते हैं। अगर कच्चे तेल के दाम 90 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच जाते हैं तो घरेलू स्तर पर पेट्रोल-डीजल के दाम 2-3 रुपये तक बढ़ सकते हैं। बता दें कि देश की राजधानी दिल्ली में पेट्रोल 95.41 रुपये प्रति लीटर और डीजल 86.67 रुपये प्रति लीटर है। इसी तरह देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में 109.98 रुपये प्रति लीटर और डीजल 94.14 रुपये प्रति लीटर है। कोलकाता में पेट्रोल 104.67 रुपये प्रति लीटर और डीजल 89.79 रुपये प्रति लीटर है। वहीं, चेन्नई में पेट्रोल 101.40 रुपये प्रति लीटर और डीजल 91.43 रुपये प्रति लीटर हैं। नवंबर महीने में कटौती करने से पहले दिल्ली में पेट्रोल 100 रुपये का आंकड़ा पार कर गया था।