XP100 Petrol: लग्जरी कारों का सफर हुआ और भी महंगा, प्रीमियम पेट्रोल की कीमतों में ₹11 की बढ़ोतरी

XP100 Petrol: इंडियन ऑयल ने अपने प्रीमियम पेट्रोल सेगमेंट में बड़ी वृद्धि की है। दिल्ली में XP100 की कीमत ₹149 प्रति लीटर से बढ़ाकर सीधे ₹160 प्रति लीटर कर दी गई है। इसके साथ ही कंपनी ने अपने 'एक्स्ट्रा ग्रीन' प्रीमियम डीजल के दाम भी बढ़ाकर ₹92.99 प्रति लीटर कर दिए है

अपडेटेड Apr 01, 2026 पर 10:50 AM
XP100 भारत का पहला 100-ऑक्टेन वाला फ्यूल है, जिसे लग्जरी और हाई-परफॉर्मेंस कारों और सुपरबाइक्स में इस्तेमाल किया जाता है

XP100 Petrol: आज 1 अप्रैल, 2026 को आम आदमी के लिए जहां डिजिटल पेमेंट और टैक्स के नए नियम लागू हुए हैं, वहीं प्रीमियम फ्यूल इस्तेमाल करने वालों के लिए एक बड़ा झटका लगा है। इंडियन ऑयल (IOC) ने अपने सबसे हाई-परफॉर्मेंस वाले पेट्रोल 'XP100' की कीमतों में भारी बढ़ोतरी कर दी है। दिल्ली में अब इसकी कीमत ₹160 प्रति लीटर तक पहुंच गई है।

₹149 से सीधे ₹160 पर पहुंची XP100 पेट्रोल की कीमत

देश की सबसे बड़ी तेल कंपनी इंडियन ऑयल ने अपने प्रीमियम पेट्रोल सेगमेंट में बड़ी वृद्धि की है। दिल्ली में XP100 की कीमत ₹149 प्रति लीटर से बढ़ाकर सीधे ₹160 प्रति लीटर कर दी गई है। इसके साथ ही कंपनी ने अपने 'एक्स्ट्रा ग्रीन' प्रीमियम डीजल के दाम भी बढ़ाकर ₹92.99 प्रति लीटर कर दिए है। इंडियन ऑयल से पहले हिंदुस्तान पेट्रोलियम (HPCL) ने भी अपने प्रीमियम पेट्रोल के दाम ₹2 बढ़ाकर ₹101.89 कर दिए थे।


क्या है XP100 और यह क्यों है खास?

XP100 भारत का पहला 100-ऑक्टेन वाला फ्यूल है, जिसे विशेष रूप से लग्जरी और हाई-परफॉर्मेंस वाली कारों और सुपरबाइक्स के लिए बनाया गया है। यह हाई-एंड इंजनों को ज्यादा पावर और बेहतर पिक-अप देता है। सामान्य पेट्रोल के मुकाबले यह इंजन की एफिशिएंसी बढ़ाता है और फ्रिक्शन कम करता है। फेरारी, लेम्बोर्गिनी और बीएमडब्ल्यू जैसी गाड़ियों के मालिक बेहतर इंजन लाइफ के लिए इसी फ्यूल का इस्तेमाल करते हैं।

क्यों बढ़ रही हैं कीमतें?

हालांकि कंपनी ने कोई आधिकारिक कारण नहीं बताया है, लेकिन बाजार विशेषज्ञों के अनुसार इसके पीछे दो मुख्य कारण हैं:

ईरान-अमेरिका संघर्ष: पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के कारण वैश्विक कच्चे तेल के बाजार में भारी अस्थिरता है।

लॉजिस्टिक्स की लागत: युद्ध क्षेत्र के पास होने के कारण सप्लाई चेन बाधित हुई है, जिससे रसद और ट्रांसपोर्टेशन का खर्च काफी बढ़ गया है।

कमर्शियल LPG और जेट फ्यूल पर भी असर

सिर्फ पेट्रोल ही नहीं, अन्य ईंधन भी महंगे हुए हैं। हाल के दिनों में 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर की कीमत में ₹300 से ज्यादा की बढ़ोतरी हुई है। अब दिल्ली में इसकी कीमत ₹2,078.50 हो गई है। वहीं हवाई ईंधन ATF की कीमतों में भी 8.5% की बढ़ोतरी हुई है, जिससे अब यह ₹1.04 लाख प्रति किलो लीटर पहुंच गया है।

आम आदमी को राहत

प्रीमियम फ्यूल की कीमतें बढ़ने के बावजूद, आम जनता के लिए राहत की बात यह है कि सरकार ने 27 मार्च को ही पेट्रोल और डीजल पर एक्साइज ड्यूटी में ₹10 प्रति लीटर की कटौती की थी। इस वजह से रेगुलर पेट्रोल-डीजल की कीमतें फिलहाल स्थिर बनी हुई हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।