Silver Gold Price Today : अमेरिकी डॉलर में मजबूती के कारण आई मुनाफावसूली के चलते सोमवार, 6 अप्रैल का कारोबारी सत्र में एमसीएक्स पर सोने की दर में गिरावट आई है। अमेरिका-ईरान युद्ध के कारण कच्चे तेल की कीमतें उच्च स्तर पर बनी हुई हैं,जिससे मंहगाई बढ़ने का डर बढ़ गया है। इसके अलावा,मजबूत अमेरिकी जॉब डेटा ने निकट भविष्य में अमेरिकी फेड दर से कटौती की संभावना और कम हो गई है। इसके चलते डॉलर में मजबूती आई है। इसका असर सोने पर देखने को मिल रहा है।
10.05 बजे के आसपास एमसीएक्स पर सोने का जून वायदा 324 रुपए यानी 0.22 फीसदी की कमजोरी के साथ 149,425 रुपए पर नजर आ रहा था। वहीं, चांदी का मई वायदा 768.00 रुपए यानी 0.33 फीसदी की कमजोरी के साथ 231,935 रुपए पर कारोबार कर रहा था।
डॉलर इंडेक्स 100 से ऊपर बना हुआ है,जिससे विदेशी बाजारों में सोने की कीमतें महंगी बनी हुई है। डॉलर इंडेक्स में बढ़ोतरी मुख्य रूप से कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों के कारण हुई है। चूंकि कच्चे तेल का कारोबार ज्यादातर डॉलर में होता है,इसलिए कमोडिटी की कीमतों में बढ़ोतरी से डॉलर की मांग बढ़ जाती है।
कच्चे तेल की कीमतें कई सालों के उच्चतम स्तर पर कारोबार कर रही हैं। सोमवार सुबह ब्रेंट क्रूड 110 डॉलर प्रति बैरल के करीब कारोबार कर रहा था। 28 फरवरी से शुरू हुआ अमेरिका-ईरान युद्ध अपने छठे सप्ताह में प्रवेश कर गया है। इससे कच्चे तेल को सपोर्ट मिला है।
बाजार जानकारों का कहना है कि सोने की कीमतों में वोलैटिलिटी जारी रह सकती है। उनका सुझाव है कि शॉर्ट टर्म ट्रेडर्स के उछाल पर मुनाफावसूली करने की रणनीति अपनानी चाहिए। पृथ्वीफिनमार्ट कमोडिटी रिसर्च के मनोज कुमार जैन का सुझाव है कि हर उछाल पर लॉन्ग पोजीशन में मुनाफावसूली की जानी चहिए। सोने और चांदी में नई लॉन्ग पोजीशन शुरू करने के लिए कुछ और करेक्शन का इंतजार करना चाहिए। डॉलर इंडेक्स में उतार-चढ़ाव,कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों और अमेरिका-ईरान युद्ध के चलते इस सप्ताह सोने और चांदी की कीमतें काफी वोलेटाइल रहेंगी।
एमसीएक्स पर कॉपर का अप्रैल वायदा 4.40 रुपए यानी 0.38 फीसदी की बढ़त के साथ 1,160 रुपए के आसपास कारोबार कर रहा था। वहीं, क्रूड ऑयल का अप्रैल वायदा 16 रुपए यानी 0.15 फीसदी की कमजोरी के साथ 10,370 रुपए पर दिख रहा था। वहीं, नैचुरल गैस का अप्रैल वायदा 0.40 रुपए यानी 0.15 फीसदी की बढ़त के साथ 264 रुपए के आसपास कारोबार कर रहा था। वहीं, ELECDMBL का अप्रैल वायदा 413 रुपए यानी 7.85 फीसदी की कमजोरी के साथ 4,850 रुपए पर दिख रहा है।
कमोडिटी में कमाई वाले कॉल
कमोडिटी में कमाई वाले कॉल के लिए आज हमारे साथ हैं कुंवरजी ग्रुप के रवि दियोरा। इनको आज नैचुरल गैस और निकेल में कमाई के मौके दिख रहे हैं। एमसीएक्स नैचुरल गैस अप्रैल वायदा में इनकी 262 रुपए के आसपास, 271 रुपए के स्टॉप लॉस के के साथ 259 रुपए के टारेगट के लिए बिकवाली की सलाह है। एमसीएक्स निकेल अप्रैल वायदा में भी इनकी 1648 रुपए के आसपास, 1662 रुपए के स्टॉप लॉस के के साथ 1625 रुपए के टारेगट के लिए बिकवाली की सलाह है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।