आज से एक बार फिर लोगों को सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड (Sovereign Gold Bond) खरीदने का मौका मिल रहा है। सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड की सातवीं सीरीज के तहत लोगों को 12 से 16 अक्टूबर तक गोल्ड बॉन्ड में निवेश करने का मौका मिलेगा। इसके लिए RBI ने प्रति ग्राम सोने की कीमत 5,051 रुपए तय की है। यानी 10 ग्राम के गोल्ड बॉन्ड की कीमत 50,051 रुपये है। यह सोने के मार्केट प्राइस से कम है। जो लोग सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड के लिए ऑनलाइन आवेदन करेंगे और डिजिटल पेमेंट के जरिए भुगतान करेंगे, उन्हें प्रति ग्राम 50 रुपए का डिस्काउंट भी मिलेगा। इससे पहले 31 अगस्त से 4 सितंबर तक खुली सीरीज 6 के लिए 5,117 रुपए का इश्यू प्राइस तय किया गया था। वहीं, सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड की आठवीं सीरीज 9-13 नवंबर को आएगी।
यहां से खरीदें गोल्ड बॉन्ड
सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड (Sovereign Gold Bond- SGBs) आप बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE), नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE), स्टॉक होल्डिंग कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया (SHCIL) या किसी भी बड़े कमर्शियल बैंक और इसी बिक्री के लिए निर्धारित पोस्ट ऑफिस से खरीद सकते हैं। इसके अलावा SGBs बैंकों की वेबसाइट से ऑनलाइन खरीदे जा सकते हैं। अगर आप इसके क्राइटेरिया को मैच करते हैं और जरूरी डॉक्यूमेंट जमा कराते हैं तो आप SGBs में निवेश कर सकते हैं।
मिलता है 2.50 फीसदी ब्याज
सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड में इश्यू प्राइस पर हर साल 2.50 फीसदी का निश्चित ब्याज मिलता है। यह पैसा हर 6 महीने में अपने आप आपके बैंक अकाउंट में ट्रांसफर हो जाता है। फिजिकल गोल्ड और गोल्ड ईटीएफ (Gold ETFs) पर आपको इस तरह का फायदा नहीं मिलता है। SGBs का मैच्योरिटी पीरियड 8 साल का है। लेकिन निवेशक अगर चाहें तो 5 साल के बाद इससे बाहर निकल सकते हैं। लोन लेने के दौरान आप कोलैटरल के रूप में भी सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड का उपयोग कर सकते हैं। इसके अलावा ये बांड एनएसई पर ट्रेड भी करते हैं। अगर गोल्ड बॉन्ड के मैच्योरिटी पर कोई कैपिटल गेन्स बनता है तो इसपर छूट भी मिलती है।
सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें।
