अमेरिका अपने स्ट्रेटेजिक पेट्रोलियम रिजर्व से 172 मिलियन बैरल तेल रिलीज करने वाला है। इसका मकसद ईरान और अमरेका-इजरायल युद्ध से सप्लाई में आए झटकों की वजह से तेल की कीमतों में आई तेजी को कम करना है। यह बात अमेरिका के एनर्जी सेक्रेटरी क्रिस राइट ने कही है। रॉयटर्स के मुताबिक, राइट ने कहा कि 32 देशों की इंटरनेशनल एनर्जी एजेंसी ने 400 मिलियन बैरल तेल रिलीज करने का प्लान बनाया है। अमेरिका द्वारा 172 मिलियन बैरल तेल की रिलीज इसी प्लान का हिस्सा है।
रिलीज अगले हफ्ते शुरू होगी और इसे डिलीवर होने में लगभग 120 दिन लगेंगे। अमेरिका और इजरायल ने 28 फरवरी 2026 को ईरान पर हमले शुरू किए। ईरान ने भी इजरायल और खाड़ी देशों पर अपने हमलों से जवाब दिया है। ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स ने कहा है कि जब तक U.S. और इजरायल के हमले बंद नहीं हो जाते, तब तक वह खाड़ी से तेल शिपमेंट को रोके रखेगा।
इस युद्ध ने दुनिया भर के बाजारों को हिलाकर रख दिया है। वैश्विक ऊर्जा बाजार में भारी उथल-पुथल मच गई है। कच्चे तेल की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं। कतर ने प्राकृतिक गैस का उत्पादन रोक दिया है। बहरीन ने कहा है कि उसके ऑयल ऑपरेशंस कॉन्ट्रैक्ट के मुताबिक सप्लाई देने में सक्षम नहीं हैं।
स्ट्रेट ऑफ होर्मुज लगभग बंद
ट्रेड के लिए दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री रास्तों में से एक होर्मुज स्ट्रेट (Strait of Hormuz) लगभग बंद हो चुका है। इसी रास्ते से दुनिया की करीब 20% तेल और गैस की सप्लाई गुजरती है। ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स ने दावा किया है कि उसने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के समुद्री रास्ते पर नियंत्रण कर लिया है। अमेरिकी खुफिया एजेंसियों को यह भी जानकारी मिली है कि ईरान ने इस समुद्री रास्ते में माइंस बिछाना शुरू कर दिया है। अगर स्ट्रेट ऑफ होर्मुज लंबे समय तक बंद रहा, तो इसका बहुत गंभीर असर पूरी दुनिया की अर्थव्यवस्था पर पड़ सकता है।
स्ट्रेट ऑफ होर्मुज फारस की खाड़ी और ओमान की खाड़ी के बीच स्थित एक अत्यंत संकरा और रणनीतिक समुद्री मार्ग है। यह ईरान और ओमान/यूएई के बीच स्थित है। दूसरे रूट से शिपमेंट को डेस्टिनेशन तक पहुंचने में देरी हो रही है।
लड़ाई बंद करने पर क्या बोले ट्रंप
अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच चल रहे युद्ध पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान में अब हमला करने के लिए लगभग कुछ भी बाकी नहीं बचा। इसलिए यह युद्ध जल्द खत्म हो सकता है। ट्रंप ने एक मीडिया इंटरव्यू में कहा कि अमेरिका और उसके सहयोगियों की सैन्य कार्रवाई ने अपने लगभग सभी लक्ष्य हासिल कर लिए हैं। उनके मुताबिक, “अब बस थोड़ा-बहुत ही बाकी है… जब मैं चाहूं, यह युद्ध खत्म हो सकता है।”
हालांकि अमेरिका के इस बयान के बीच इजरायल के रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज ने कहा कि इजरायल तब तक लड़ाई जारी रखेगा, जब तक उसके सभी सैन्य लक्ष्य पूरे नहीं हो जाते और वो निर्णायक जीत हासिल नहीं कर लेता।