LPG Cylinder Price: अगर आप 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर को बुक कराने की सोच रहे हैं तो यह खबर आपके काम की हो सकती है। न्यूज 18 की रिपोर्ट के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के ग्रामीण इलाकों और छोटे कस्बों में कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमत सरकारी रेट से काफी कम पर मिल रही है। कुशीनगर में जहां कमर्शियल सिलेंडर की तय कीमत करीब 2,946 रुपये है, वहीं कुछ जगहों पर ग्राहक इसे 2,400 से 2,700 रुपये में ही खरीद पा रहे हैं। यानी कुछ मामलों में ग्राहकों को करीब 200 से 600 रुपये तक की बचत हो रही है। हालांकि, 14.2 किलो वाले घरेलू LPG सिलेंडर में ऐसी कोई कमी नहीं की गई है।
बता दें कि पश्चिमी देशों में संघर्ष शुरू होने के बाद से LPG सिलेंडर की सप्लाई काफी प्रभावित हुई थी। जिस वजह से गैस एजेंसियों के सामने कमर्शियल सिलेंडर पाने के लिए लंबी कतारें लग रही थीं और कई जगह इसकी उपलब्धता भी कम हो गई थी। लेकिन अब सप्लाई में सुधार के बाद तस्वीर कुछ बदली है। ग्रामीण इलाकों में कमर्शियल गैस की मांग घटने से कुछ गैस एजेंसियों के पास सिलेंडर का स्टॉक बढ़ गया है। ऐसे में स्टॉक को जल्दी निकालने के लिए कुछ जगहों पर एजेंसियां सरकारी रेट से कम कीमत पर कमर्शियल सिलेंडर उपलब्ध करा रही हैं।
9 किलो वाले सिलेंडर के रेट में कमी क्यों आई?
इसके पीछे की सबसे बड़ी वजह गांवों में कमर्शियल सिलेंडर की मांग का कम होना बताया जा रहा है। ऐसा इसलिए क्योंकि ग्रामीण क्षेत्रों में बड़े होटल, रेस्टोरेंट और दूसरे व्यावसायिक ग्राहकों की संख्या कम होने के कारण कमर्शियल सिलेंडर की खपत भी कम रहती है। जिस वजह से गैस एजेंसियों के पास सिलेंडर जमा हो जाते हैं।
अब नियम के मुताबिक गैसे एजेंसियों को सिलेंडर से भरी गाड़ी के बदले खाली सिलेंडर भी वापस देने होते हैं। अगर पर्याप्त संख्या में सिलेंडर वापस नहीं किए जाते हैं तो आगे की सप्लाई में दिक्कत आ सकती है। यही कारण है कि ग्रामीण इलाकों में 19 किलो वाले सिलेंडर की रेट में कमी आई है।
घरेलू और कमर्शियल सिलेंडर के दाम में अंतर
यहां एक बात साफ समझना जरूरी है कि कम कीमत का फायदा सिर्फ 19 किलो वाले कमर्शियल LPG सिलेंडर पर मिल रहा है। घरेलू गैस सिलेंडर के रेट में ऐसी कोई कटौती नहीं हुई है। उदाहरण के लिए, दिल्ली में 14.2 किलो वाले घरेलू सिलेंडर की कीमत करीब 942 रुपये है, जबकि 19 किलो वाला कमर्शियल सिलेंडर करीब 2,747.50 रुपये में मिल रहा है। वहीं, कुशीनगर में घरेलू सिलेंडर का रेट करीब 1,014 रुपये और कमर्शियल सिलेंडर की सरकारी कीमत करीब 2,946 रुपये है। हालांकि, कुशीनगर के कुछ इलाकों में ग्राहक कमर्शियल सिलेंडर को सरकारी रेट से काफी कम कीमत पर खरीद पा रहे हैं।
45 दिन की जगह 25 दिन में बुक होगा सिलेंडर
LPG ग्राहकों के लिए एक और राहत वाला बदलाव किया गया है। अब ग्रामीण इलाकों में रहने वाले लोगों को घरेलू गैस सिलेंडर दोबारा बुक करने के लिए 45 दिन का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। यह अंतर घटाकर 25 दिन कर दिया गया है। यानी एक सिलेंडर लेने के 25 दिन बाद ग्राहक अगला घरेलू LPG सिलेंडर बुक कर सकेंगे। पेट्रोलियम मंत्रालय ने सप्लाई में सुधार और पुराने बैकलॉग कम होने के बाद यह बदलाव किया है। इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम ने भी नई व्यवस्था लागू कर दी है। इससे अब गांवों में रहने वाले LPG ग्राहकों को भी शहरों की तरह 25 दिन के अंतराल पर सिलेंडर बुक करने की सुविधा मिलेगी।
सिलेंडर खरीदते समय किन बातों का रखें ध्यान?
अगर किसी ग्राहक को कम रेट में कमर्शियल LPG सिलेंडर मिल रहा है तो खरीदने से पहले कुछ सावधानी जरूर बरतें। जैसे- सिलेंडर का वजन, कीमत और रसीद जरूर देखें और इसे रजिस्टर्ड गैस एजेंसी से ही लें। ग्रामीण इलाकों में कम मांग की वजह से कुछ जगहों पर रेट कम हो सकते हैं, लेकिन यह सुविधा हर जगह नहीं मिलेगी। साथ ही, घरेलू और कमर्शियल सिलेंडर अलग होते हैं, इसलिए दोनों के रेट और इस्तेमाल को लेकर कोई भ्रम न रखें।